क्या मैनचेस्टर का मौसम देगा राहत?
मैनचेस्टर में मैच के दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। टॉस से पहले हल्की बारिश की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन मैच के दौरान बारिश की आशंका काफी कम रहेगी। स्थानीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक बारिश की संभावना 24 प्रतिशत से घटकर 13 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है।
हालांकि, मैच खत्म होने के समय यानी स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे के आसपास बारिश की संभावना थोड़ी बढ़ जाएगी। खिलाड़ियों को मैनचेस्टर के इस ठंडे माहौल में खेलने का मजा आएगा क्योंकि दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। जैसे-जैसे शाम आगे बढ़ेगी, तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे क्रिकेट खेलने के लिए मौसम काफी सुहावना हो जाएगा।
महिला विश्व कप में भी इस्तेमाल हुआ है यह मैदान?
इस मैदान पर आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के भी कई मैच खेले जा चुके हैं। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने भी मैनचेस्टर में दो मैच खेले थे, जहां उन्हें मिले-जुले परिणाम मिले। 'वूमेन इन ब्लू' को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि अगले मैच में उन्होंने बांग्लादेश को पांच विकेट से मात दी थी।
मैनचेस्टर के मैदान पर कौन किस पर भारी?
इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच अब तक कुल दो टी-20 मुकाबले खेले गए हैं और यहां दोनों का रिकॉर्ड 1-1 की बराबरी पर है। इन दोनों के बीच हुए पहले मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने भारत को छह विकेट से हराया था। यह मैच राहुल द्रविड़ का एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच था और इसी मैच से अजिंक्य रहाणे ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।
वहीं, दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने 159 रन बनाए थे, जिसमें जोस बटलर ने 69 रनों की पारी खेली थी और भारत के कुलदीप यादव ने पांच विकेट चटकाए थे। जवाब में मेहमान भारतीय टीम ने केएल राहुल के 54 गेंदों पर बनाए गए नाबाद 101 रनों की शतकीय पारी की बदौलत यह मैच आठ विकेट से अपने नाम कर लिया था।