उम्र सिर्फ एक संख्या है और इमरान ताहिर ने एक बार फिर इसे सच साबित कर दिया। 47 साल की उम्र में जब अधिकांश क्रिकेटर संन्यास के बाद खेल से दूर हो चुके होते हैं, तब दक्षिण अफ्रीका के इस दिग्गज लेग स्पिनर ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें विश्व रिकॉर्ड के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया। गुयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान ताहिर ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ 17 रन पर पांच विकेट पर लेकर अपने टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसी के साथ वह पुरुष टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए।
47 साल 166 दिन की उम्र में विश्व रिकॉर्ड
इमरान ताहिर ने यह उपलब्धि 47 साल और 166 दिन की उम्र में हासिल की। उन्होंने कुक आइलैंड्स के टोमाकुंटे रितावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2022 में फिजी के खिलाफ 46 साल और 299 दिन की उम्र में पांच विकेट लिए थे। दिलचस्प बात यह है कि सबसे अधिक उम्र में टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों की शीर्ष-10 सूची में ताहिर का नाम चार बार शामिल है। उन्होंने 2025 में भी गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए 46 साल और 148 दिन की उम्र में पांच विकेट लिए थे और उस समय वह इस सूची में दूसरे स्थान पर थे। अब उन्होंने खुद उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
The King of Providence stands tall!🤴
— CPL T20 (@CPL) September 10, 2026
Imran Tahir picks up his 2nd CPL fifer! 🇬🇾 x 🇱🇨#CPL26 #GAWvSLK #CricketPlayedLouder #BiggestPartyInSport #RepublicBank pic.twitter.com/grzI4J3eHA
टी20 में सबसे अधिक उम्र में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज
| खिलाड़ी | उम्र | गेंदबाजी आंकड़े | टीम | खिलाफ | साल |
|---|---|---|---|---|---|
| इमरान ताहिर | 47 साल 166 दिन | 5/17 | गुयाना अमेजन वॉरियर्स | सेंट लूसिया किंग्स | 2026 |
| टोमाकुंटे रितावा | 46 साल 299 दिन | 5/19 | कुक आइलैंड्स | फिजी | 2022 |
| इमरान ताहिर | 46 साल 148 दिन | 5/21 | गुयाना अमेजन वॉरियर्स | एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कंस | 2025 |
| इमरान ताहिर | 44 साल 323 दिन | 5/26 | रंगपुर राइडर्स | खुलना टाइगर्स | 2024 |
| प्रकाश मिश्रा | 44 साल 165 दिन | 5/16 | बुल्गारिया | क्रोएशिया | 2023 |
| इमरान ताहिर | 42 साल 135 दिन | 5/25 | बर्मिंघम फीनिक्स | वेल्श फायर | 2021 |
| संथा मूर्ति | 41 साल 129 दिन | 5/20 | पुडुचेरी | मुंबई | 2021 |
| केन्यूट टुलॉक | 41 साल 7 दिन | 5/21 | केमैन आइलैंड्स | बहामास | 2006 |
| माइकल होगन | 40 साल 361 दिन | 5/18 | ग्लेमॉर्गन | सरे | 2022 |
| दिलरुवान परेरा | 40 साल 315 दिन | 5/14 | बर्गर रिक्रिएशन क्लब | गॉल सीसी | 2023 |