भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाते रहे हैं। इस बारे में चर्चा अधिक है कि रोहित अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं। अब खुद रोहित ने इस सवाल पर चुप्पी तोड़ी है। रोहित का कहना है कि अक्तूबर 2027 अभी काफी दूर है। मालूम हो कि रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे में ही भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं।
अगले साल होना है विश्व कप
वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होना है। रोहित मुंबई में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। वहां उनसे पूछे गया कि क्या वह वनडे विश्व कप का हिस्सा होंगे? इस पर उन्होंने कहा, 'अक्तूबर 2027 अभी दूर है और इस बारे में हम तब देखेंगे।' रोहित से यह भी पूछा गया कि अगर भारत खिताब जीतता है तो क्या 2024 की तरह खुली बस में विजय परेड निकलेगी? इस पर उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि अब बस में विजय परेड निकालना संभव है।
रोहित के भविष्य पर बीसीसीआई ने स्पष्ट की थी स्थिति
रोहित के भविष्य को लेकर हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने भी स्पष्ट किया था। सैकिया ने कहा था कि रोहित के भविष्य को लेकर कयास नहीं लगाए जाने चाहिए। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में शतक लगाया था। सैकिया ने हाल ही में बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के बाद कहा था, रोहित सभी मैचों में अच्छा खेल रहे हैं तो आप उनसे और क्या चाहते हैं? पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 138 रन बनाए तो कयास क्यों लगाए जा रहे हैं? मैं ऐसे कयास लगाने वालों को ज्यादा सुर्खियां नहीं देना चाहता।
घर में अभ्यास कर रहे रोहित
भारत को इस महीने के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में रोहित खेलते नजर आ सकते हैं। रोहित ने इसके लिए घर में तैयारी भी शुरू कर दी है। रोहित की मीडिया टीम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया है कि पूर्व कप्तान ने ट्रेनिंग शुरू कर दी है। रोहित का बल्ला इंग्लैंड दौरे पर चला था और उन्होंने अपने आलोचकों को जवाब भी दिया था।