फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

47 साल के इस गेंदबाज ने रचा इतिहास: करियर बेस्ट प्रदर्शन से तोड़ा 46 साल पुराना रिकॉर्ड; जानें कौन है वो बॉलर

Thu, 10 Sep 2026 03:41 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुयाना

सार

47 साल 166 दिन की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज इमरान ताहिर ने CPL में 5/17 के करियर बेस्ट आंकड़े दर्ज कर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। वह पुरुष टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए। ताहिर के दम पर गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने सेंट लूसिया किंग्स को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का किया।
विज्ञापन
इमरान ताहिर - फोटो : WISDEN
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उम्र सिर्फ एक संख्या है और इमरान ताहिर ने एक बार फिर इसे सच साबित कर दिया। 47 साल की उम्र में जब अधिकांश क्रिकेटर संन्यास के बाद खेल से दूर हो चुके होते हैं, तब दक्षिण अफ्रीका के इस दिग्गज लेग स्पिनर ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें विश्व रिकॉर्ड के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया। गुयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान ताहिर ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ 17 रन पर पांच विकेट पर लेकर अपने टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसी के साथ वह पुरुष टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए।

विज्ञापन

47 साल 166 दिन की उम्र में विश्व रिकॉर्ड
इमरान ताहिर ने यह उपलब्धि 47 साल और 166 दिन की उम्र में हासिल की। उन्होंने कुक आइलैंड्स के टोमाकुंटे रितावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2022 में फिजी के खिलाफ 46 साल और 299 दिन की उम्र में पांच विकेट लिए थे। दिलचस्प बात यह है कि सबसे अधिक उम्र में टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों की शीर्ष-10 सूची में ताहिर का नाम चार बार शामिल है। उन्होंने 2025 में भी गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए 46 साल और 148 दिन की उम्र में पांच विकेट लिए थे और उस समय वह इस सूची में दूसरे स्थान पर थे। अब उन्होंने खुद उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
 



करियर बेस्ट 5/17, सेंट लूसिया 119 पर ढेर
प्रोविडेंस में खेले गए मुकाबले में ताहिर ने शुरुआत से ही सेंट लूसिया किंग्स के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर पांच विकेट झटके। यह उनके टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। ताहिर ने काइल मेयर्स, रोस्टन चेज, मैककेनी क्लार्क, मैथ्यू फोर्ड और जोशुआ बिशप को अपना शिकार बनाया। उनके शानदार स्पेल की बदौलत सेंट लूसिया किंग्स की टीम सिर्फ 119 रन पर सिमट गई। ताहिर का यह टी20 क्रिकेट में छठा पांच विकेट हॉल है। इसके साथ ही वह पुरुष टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक बार पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सिर्फ डेविड वीज हैं, जिनके नाम सात बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड है।

 

टी20 में सबसे अधिक उम्र में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज

खिलाड़ी उम्र गेंदबाजी आंकड़े टीम खिलाफ साल
इमरान ताहिर 47 साल 166 दिन 5/17 गुयाना अमेजन वॉरियर्स सेंट लूसिया किंग्स 2026
टोमाकुंटे रितावा 46 साल 299 दिन 5/19 कुक आइलैंड्स फिजी 2022
इमरान ताहिर 46 साल 148 दिन 5/21 गुयाना अमेजन वॉरियर्स एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कंस 2025
इमरान ताहिर 44 साल 323 दिन 5/26 रंगपुर राइडर्स खुलना टाइगर्स 2024
प्रकाश मिश्रा 44 साल 165 दिन 5/16 बुल्गारिया क्रोएशिया 2023
इमरान ताहिर 42 साल 135 दिन 5/25 बर्मिंघम फीनिक्स वेल्श फायर 2021
संथा मूर्ति 41 साल 129 दिन 5/20 पुडुचेरी मुंबई 2021
केन्यूट टुलॉक 41 साल 7 दिन 5/21 केमैन आइलैंड्स बहामास 2006
माइकल होगन 40 साल 361 दिन 5/18 ग्लेमॉर्गन सरे 2022
दिलरुवान परेरा 40 साल 315 दिन 5/14 बर्गर रिक्रिएशन क्लब गॉल सीसी 2023
विज्ञापन

मेहदी हसन ने भी किया प्रभावित
गुयाना की ओर से मेहदी हसन मिराज ने भी अपने कैरिबियाई प्रीमियर लीग डेब्यू को यादगार बनाया। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट झटके। ताहिर और मिराज की शानदार गेंदबाजी के सामने सेंट लूसिया की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। हालांकि, 120 रन का लक्ष्य भी प्रोविडेंस की मुश्किल पिच पर आसान साबित नहीं हुआ। गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने 18.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया। एक समय टीम को 34 गेंदों पर 51 रन की जरूरत थी, लेकिन क्विंटन सिम्पसन ने मुकाबले की तस्वीर बदल दी। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों पर नाबाद 37 रन ठोक दिए। उनकी पारी में पांच छक्के और एक चौका शामिल रहा, जिससे गुयाना ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का
इस जीत के साथ गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने मौजूदा कैरिबियाई प्रीमियर लीग सीजन में आठ मैचों में अपनी सातवीं जीत दर्ज की। टीम के अब 14 अंक हो गए हैं और उसने अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया है। वॉरियर्स प्लेऑफ में जगह बनाने वाली दो टीमों में भी शामिल हो गई है। 47 साल की उम्र में ताहिर की फिटनेस और मैच जीतने की भूख एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने सिर्फ रिकॉर्ड नहीं तोड़ा, बल्कि अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए साबित कर दिया कि अनुभव और जुनून के सामने उम्र की सीमा मायने नहीं रखती।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें