आईएलटी20 के पांचवें सीजन का रोमांच शुरू होने से पहले ही फ्रेंचाइजियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। ऑक्शन से पहले हुए साइनिंग में टी20 क्रिकेट के कई बड़े नामों ने नई टीमों का दामन थामा है। कोई पहली बार आईएलटी20 में कदम रख रहा है, तो कोई लंबे अंतराल के बाद लीग में वापसी करेगा। किस स्टार खिलाड़ी को किस टीम ने अपने साथ जोड़ा और ऑक्शन से पहले किस टीम की तस्वीर कैसी दिख रही है?
ऑक्शन से पहले बड़े खिलाड़ियों की एंट्री
पांचवें सीजन से पहले फ्रेंचाइजियों ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। छह टीमों ने ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को साइन करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस लिस्ट में कई बड़े टी20 सितारे शामिल हैं। न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलेन अबू धाबी नाइट राइडर्स से खेलेंगे। दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन को गल्फ जाएंट्स ने अपने साथ जोड़ा है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस तीन साल बाद आईएलटी20 में वापसी करते हुए दुबई कैपिटल्स का हिस्सा होंगे। एलेन, मिलर और क्लासेन पहली बार आईएलटी20 में खेलेंगे, जबकि स्टोइनिस इससे पहले टूर्नामेंट के पहले सीजन में हिस्सा ले चुके हैं।
एलेन ने टी20 विश्व कप में मचाया था तहलका
फिन एलेन टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। 27 वर्षीय एलेन ने 2026 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़ा था।
उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,663 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 170.73 है और उनके नाम तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं।
मिलर और क्लासेन भी दिखाएंगे दम
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी टी20 बल्लेबाज डेविड मिलर को गल्फ जाएंट्स ने साइन किया है। मिलर ने 140 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2,804 रन बनाए हैं। उनका औसत 33.78 और स्ट्राइक रेट 141.40 है।
वहीं हेनरिक क्लासेन भी इसी टीम में नजर आएंगे। वह दक्षिण अफ्रीका के लिए 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,000 रन पूरे कर चुके हैं। स्पिन के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर क्लासेन करीब 300 टी20 मैचों में लगभग 7,000 रन बना चुके हैं।
तीन साल बाद आईएलटी20 में लौटेंगे स्टोइनिस
मार्कस स्टोइनिस दुबई कैपिटल्स के साथ ILT20 में वापसी करेंगे। वह इससे पहले टूर्नामेंट के पहले सीजन में खेले थे। ऑस्ट्रेलिया को 2021 टी20 विश्व कप जिताने वाली टीम का हिस्सा रहे स्टोइनिस ने 87 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,416 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 146.28 है। गेंदबाजी में भी उन्होंने 53 विकेट लिए हैं।
किस टीम में कौन-कौन?
| टीम |
ऑक्शन से पहले साइन/वापसी करने वाले प्रमुख खिलाड़ी |
| अबु धाबी नाइट राइडर्स |
फिन एलेन, जेसन होल्डर, मैथ्यू ट्रॉम्प, सुनील नरेन |
| डेजर्ट वाइपर्स |
एंड्रीज गॉस, डैन लॉरेंस, मुजीब उर रहमान, शिमरोन हेटमायर |
| दुबई कैपिटल्स |
मार्कस स्टोइनिस, मुस्तफिजुर रहमान, नूर अहमद, रोवमैन पॉवेल |
| गल्फ जाएंट्स |
अजमतुल्लाह ओमरजई, ब्लेसिंग मुजरबानी, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन |
| MI एमिरेट्स |
निकोलस पूरन, राशिद खान, रोमारियो शेफर्ड, शेरफेन रदरफोर्ड |
| शारजाह वॉरियर्ज |
एडम मिल्ने, जेम्स विंस, वकार सलामखेल, सिकंदर रजा |
सभी छह फ्रेंचाइजियों को नीलामी से पहले अधिकतम चार विदेशी खिलाड़ियों को साइन करने की अनुमति थी। यह प्रक्रिया तीन अगस्त को पूरी हो गई। अब टीमों को एक अक्तूबर को दुबई में होने वाली आईएलटी20 सीजन पांच प्लेयर ऑक्शन में अपनी बाकी जरूरतें पूरी करनी होंगी। हर फ्रेंचाइजी में कम से कम 18 और अधिकतम 23 खिलाड़ी हो सकते हैं।
खिलाड़ी 12 सितंबर तक ऑक्शन के लिए अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। नीलामी के बाद हर टीम को एक और वाइल्डकार्ड साइनिंग करने का मौका मिलेगा। आईएलटी20 का पांचवां सीजन नवंबर और दिसंबर 2026 में खेला जाएगा। छह टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे।