मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर आईपीएल ट्रेड की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कई टीमों ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से हार्दिक को ट्रेड करने को लेकर संपर्क किया है। इनमें चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स जैसी बड़ी टीमें भी शामिल हैं। 32 वर्षीय हार्दिक फिटनेस से जुड़ी चिंताओं के बावजूद आईपीएल के सबसे चर्चित ऑलराउंडरों में बने हुए हैं। वह बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। इसी वजह से आईपीएल 2026 के बाद से ही उनके ट्रेड को लेकर फ्रेंचाइजियों की दिलचस्पी बनी हुई है।
CSK के साथ डील में जहीर खान फैक्टर
'क्रिकबज' की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई इंडियंस के पास हार्दिक को लेकर कई टीमों से पूछताछ और प्रस्ताव आए हैं। इनमें एक फ्रेंचाइजी ने बाकी टीमों की तुलना में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को लेकर कई फ्रेंचाइजियों से बातचीत की है। इनमें उसकी पुरानी प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स भी शामिल है। हालांकि हार्दिक के सीएसके जाने की संभावनाओं को लेकर जहीर खान फैक्टर चर्चा में है। जहीर और हार्दिक के बीच मुंबई इंडियंस में साथ काम करने के दौरान कथित तौर पर मतभेद की खबरें सामने आई थीं। अब जहीर खान सीएसके के मुख्य कोच हैं।
क्या बदलेगा समीकरण?
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सीएसके में नया सेटअप दोनों के बीच समीकरण बदल सकता है। ऐसे में हार्दिक और जहीर के मौजूदा संबंधों को लेकर किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 'व्यक्तिगत संबंध और पेशेवर समीकरण समय और परिस्थितियों के साथ बदल सकते हैं। जहीर और पांड्या के बीच मौजूदा समीकरण सिर्फ अटकलों का विषय हो सकता है।' अगले एक महीने में हार्दिक के संभावित ट्रेड को लेकर गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। आईपीएल रिटेंशन की आखिरी तारीख 15 नवंबर है, जबकि नीलामी दिसंबर में होनी है।
हार्दिक की फिटनेस पर भी नजर
इस बीच भारतीय टीम प्रबंधन भी हार्दिक की फिटनेस पर करीबी नजर रख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक वह न्यूजीलैंड के आगामी दौरे से बाहर रह सकते हैं। हालांकि फिट होने पर हार्दिक अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की उनकी क्षमता उन्हें टीम के लिए महत्वपूर्ण बनाती है।
अब सवाल सिर्फ ट्रेड का नहीं...
मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर हार्दिक का भविष्य अब रिटेंशन डेडलाइन से पहले चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। क्या वह मुंबई के साथ बने रहेंगे, किसी दूसरी टीम का रुख करेंगे या जहीर खान के साथ पुराना समीकरण बदलकर सीएसके की कहानी आगे बढ़ेगी? इसका जवाब आने वाले हफ्तों में मिल सकता है।