फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT Road To Final: दूसरे खिताब से एक कदम दूर गुजरात; गिल-सुदर्शन की जोड़ी, होल्डर के दमदार प्रदर्शन से की वापसी

Sun, 31 May 2026 08:49 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। शुभमन गिल-साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी, जेसन होल्डर की गेंदबाजी और रबाडा-सिराज की घातक साझेदारी टीम की सफलता की सबसे बड़ी वजह रही।
विज्ञापन
गुजरात टाइटंस - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपने आईपीएल सफर के पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई। 2022 में अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतने वाली गुजरात अब दूसरी बार ट्रॉफी जीतने के बेहद करीब पहुंच गई है।

हालांकि आईपीएल 2026 में गुजरात का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। टीम ने सीजन की शुरुआत संघर्ष के साथ की और पहले सात मैचों में सिर्फ तीन जीत हासिल कर सकी। लेकिन दूसरे चरण में टीम ने शानदार वापसी की और नौ जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया।

विज्ञापन


आईपीएल 2022 से 2026 तक
गुजरात टाइटंस का सफर

सीजन प्रदर्शन
2022 चैंपियन
2023 उपविजेता
2024 लीग चरण में बाहर
2025 एलिमिनेटर में बाहर
2026 फाइनल में

आरसीबी के खिलाफ हार के बाद बदली टीम की किस्मत
गुजरात टाइटंस ने अपने अभियान की शुरुआत पंजाब किंग्स के खिलाफ हार से की। पहले सात मैचों में टीम को चार हार झेलनी पड़ीं और वह लगातार लय तलाशती रही। लेकिन एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली हार के बाद गुजरात की किस्मत बदल गई। उस मुकाबले के बाद टीम ने लगातार पांच मैच जीते और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। लीग चरण का अंत उसने 14 मैचों में नौ जीत के साथ किया।

गुजरात टाइटंस - फोटो : ANI

सफलता का पहला बड़ा कारण: गिल-सुदर्शन की जोड़ी
गुजरात टाइटंस के पूरे सीजन की कहानी काफी हद तक शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी साझेदारी के इर्द-गिर्द घूमती रही। क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़ दिए।

शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन बनाए, जबकि साई सुदर्शन ने सिर्फ 32 गेंदों पर 58 रन की तेज पारी खेली। इस साझेदारी ने नॉकआउट मुकाबले का सारा दबाव खत्म कर दिया और मैच को डेथ ओवरों से पहले ही गुजरात के पक्ष में मोड़ दिया। इस सीजन दोनों बल्लेबाजों ने 700 से ज्यादा रन बनाए हैं।

ऑरेंज कैप दौड़

खिलाड़ी रन
शुभमन गिल 722
साई सुदर्शन 710

पिछले सीजन भी दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया था। 2025 में दोनों ने 15 पारियों में 912 रन की साझेदारी की थी, जो पूरे सीजन की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी रही थी। इस बार दोनों 15 पारियों में 886 रन जोड़ चुके हैं और फाइनल में उनके पास पिछला रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा।

दूसरा बड़ा कारण: जेसन होल्डर का टीम में आना
आईपीएल 2026 मेगा ऑक्शन में गुजरात ने जेसन होल्डर को सात करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन सीजन के शुरुआती हिस्से में उन्हें मौका नहीं मिला। बाद में ग्लेन फिलिप्स की जगह टीम में शामिल किए गए होल्डर गुजरात के लिए गेम-चेंजर साबित हुए। उनके आने के बाद गुजरात ने अगले छह में से पांच मुकाबले जीत लिए। हालांकि बल्ले से उनका योगदान सीमित रहा, लेकिन गेंद से उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

जेसन होल्डर का प्रदर्शन

मैच विकेट इकोनॉमी
10 17 7.54

क्वालिफायर-2 में उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं क्वालिफायर-1 में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को एक ही ओवर में आउट कर मैच का रुख बदलने की कोशिश की थी। छह फिट सात इंच लंबे होल्डर ने अतिरिक्त उछाल का शानदार इस्तेमाल किया और कागिसो रबाडा तथा मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर डेथ ओवरों में विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।

तीसरा बड़ा कारण: गुजरात की घातक गेंदबाजी
जहां गिल और सुदर्शन की बल्लेबाजी सुर्खियां बटोरती रही, वहीं गुजरात की गेंदबाजी ने कई मैचों में जीत की नींव रखी। कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज आईपीएल 2026 की सबसे प्रभावशाली नई गेंद जोड़ी बनकर उभरे। रबाडा ने पूरे सीजन में 28 विकेट लिए, जिनमें रिकॉर्ड 18 विकेट पावरप्ले में आए। दूसरी ओर सिराज ने 18 विकेट झटके और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे।

नई गेंद से सबसे बड़ा असर

गेंदबाज विकेट
कगिसो रबाडा 28
मोहम्मद सिराज 18

दोनों ने मिलकर 31 विकेट हासिल किए और कई टीमों के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दोनों ने टीम को 34/4 पर पहुंचा दिया था और पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर सिमट गई थी। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दोनों ने मिलकर छह विकेट लिए और गुजरात को 89 रन की बड़ी जीत दिलाई। क्वालिफायर-2 में भी दोनों ने शुरुआती झटके देकर राजस्थान को 9/2 कर दिया था। उनकी अनुशासित टेस्ट मैच लेंथ गेंदबाजी पूरे सीजन गुजरात की सफलता की नींव रही।

आईपीएल 2026 में गुजरात का प्रदर्शन
गुजरात ने पहले सात मैचों में केवल तीन जीत दर्ज कीं, लेकिन दूसरे चरण में सात में से छह मुकाबले जीतकर शानदार वापसी की।

आईपीएल 2026 फाइनल तक गुजरात टाइटंस का सफर

खिलाफ नतीजा
पंजाब किंग्स पंजाब 3 विकेट से जीता
राजस्थान रॉयल्स राजस्थान 6 रन से जीती
दिल्ली कैपिटल्स गुजरात 1 रन से जीती
लखनऊ सुपर जाएंट्स गुजरात 7 विकेट से जीती
कोलकाता नाइट राइडर्स गुजरात 5 विकेट से जीती
मुंबई इंडियंस मुंबई 99 रन से जीती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आरसीबी 5 विकेट से जीती
चेन्नई सुपर किंग्स गुजरात 8 विकेट से जीती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गुजरात 4 विकेट से जीती
पंजाब किंग्स गुजरात 4 विकेट से जीती
राजस्थान रॉयल्स गुजरात 77 रन से जीती
सनराइजर्स हैदराबाद गुजरात 82 रन से जीती
कोलकाता नाइट राइडर्स केकेआर 29 रन से जीती
चेन्नई सुपर किंग्स गुजरात 89 रन से जीती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आरसीबी 92 रन से जीती
राजस्थान रॉयल्स गुजरात 7 विकेट से जीती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खेला जाना बाकी

प्लेऑफ में हार और फिर शानदार वापसी
गुजरात का फाइनल तक का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। क्वालिफायर-1 में आरसीबी ने उसे 54 रन से हराया। आरसीबी के 254 रन के जवाब में गुजरात 51/5 की स्थिति में पहुंच गई थी। साई सुदर्शन का हिट-विकेट होना भी उस मैच की निराशाजनक तस्वीरों में शामिल रहा। लेकिन क्वालिफायर-2 में गुजरात ने जोरदार वापसी की।रबाडा और सिराज ने राजस्थान को शुरुआती झटके दिए। हालांकि वैभव सूर्यवंशी ने 96 रन की शानदार पारी खेली, फिर भी गुजरात ने 215 रन का लक्ष्य आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया और आरसीबी के खिलाफ खिताबी मुकाबला तय कर दिया।

विज्ञापन

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के शीर्ष 5 रन स्कोरर

खिलाड़ी रन पारियां सर्वोच्च स्कोर शतक अर्धशतक
शुभमन गिल 722 15 104 1 6
साई सुदर्शन 710 16 100 1 8
जोस बटलर 507 16 60 0 4
वाशिंगटन सुंदर 327 16 55 0 2
राहुल तेवतिया 183 15 68 0 1

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के शीर्ष 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज
खिलाड़ी विकेट मैच इकोनॉमी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
कागिसो रबाडा 28 16 9.43 3/25
राशिद खान 19 16 9.29 4/33
मोहम्मद सिराज 18 16 9.06 3/26
जेसन होल्डर 17 10 7.54 4/24
प्रसिद्ध कृष्णा 16 11 10.52 4/28

अब गुजरात टाइटंस के सामने दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने का मौका है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने पूरे सीजन शानदार वापसी की कहानी लिखी है और अब उसका सामना फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला तय करेगा कि 2026 का आईपीएल चैंपियन कौन बनेगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें