मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम कप्तान सौरव गांगुली को सम्मानित करते राज्यपाल
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 500वें टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तानों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल राम नाईक ने सभी पूर्व कप्तानों को मंच पर बुलाकर शॉल भेंट किए। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में राज्यपाल ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को जैसे ही मंच पर बुलाया तो पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक सचिन-सचिन का नाम लेकर उनके सम्मान में तालियां बजा रहे थे। इसके बाद सौरव गांगुली, अजहरुद्दीन, दिलीप वेंगसरकर समेत अन्य खिलाड़ियों का शानदार स्वागत के साथ सम्मान किया गया। सचिव राजीव शुक्ला के साथ मंच पर अनुराग ठाकुर समेत तमाम वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान आसमान में गुब्बारे उड़ाकर और दर्शकों में मिठाईयां बाटकर भारत के ऐतिहासिक 500वें टेस्ट मैच का जश्न हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।