टेस्ट मैच के दौरान न्यूजीलैंड का विकट उड़ाने का जश्न मनाते भारतीय खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
ग्रीनपार्क स्टेडियम में चल रहे ऐतिहासिक क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया ने पलटवार किया। पहले फिरकी गेंदबाज रवींद्र जडेजा (पांच विकेट) और आर अश्विन (चार विकेट) ने कहर ढाया। दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के नौ विकेट चटकाए और टीम को 262 रनों पर समेट दिया। अंत के सात रनों में पांच विकेट गिर गए। फिर बल्लेबाजों ने रंग दिखाया। ओपनर केएल राहुल ने हाथ खोला और तेज बल्लेबाजी की। इसके बाद मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा ने 107 रनों की पार्टनरशिप करके टीम इंडिया की जीत की मजबूत नींव रख दी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया को 215 रनों की बढ़त मिल गई है। ओपनर मुरली विजय 64 रन और चेतेश्वर पुजारा 50 रन बनाकर खेल रहे हैं।
Live score
टॉम लाथम और विलियमसन की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत मजबूत मानी जा रही न्यूजीलैंड की टीम शनिवार को ताश की पत्ते की भांति बिखर गई। दोनों बल्लेबाजोें ने दूसरे दिन 152 रन की पारी को आगे बढ़ाया। सात रन जुड़े ही थे कि आर. अश्विन ने लाथम को एलबीडब्लू आउट किया। स्कोर 160 पहुंचा तो अश्विन ने ही न्यूजीलैंड के मिस्टर भरोसेमंद विलियसन को चलता किया। 75 रन पर खेल रहे विलियमसन बोल्ड हो गए। रॉस टेलर और रोंची को रवींद्र जडेजा ने चलता किया। 32 रन पर खेल रहे सैंटनर को अश्विन ने रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराके न्यूजीलैंड को एक और झटका दिया। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर वॉल्टिंग को आउट करके अश्विन ने अपने नाम चार विकेट दर्ज करा लिए। फिर रवींद्र जडेजा ने कहर बरपाया और एक ही ओवर में तीन विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी। जडेजा ने ईश सोढ़ी, ट्रेंट बोल्ट और वैंगनर का खाता तक नहीं खुलने दिया। सबको शून्य पर चलता किया। न्यूजीलैंड को अंतिम सात रन बनाने में पांच विकेट गवाने पड़े। पूरी टीम 262 रन पर आल आउट हो गई। इस लिहाज से भारत को पहली पारी में 56 रनों की बढ़त मिल गई। खिलाड़ियों ने 159 रन और बनाकर भारत का स्कोर 215 रन पहुंचा दिया। टेस्ट मैच के तीसरे दिन न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में धार नहीं दिखी। इसी का नतीजा रहा कि पहले ओपनर केएल राहुल और मुरली विजय ने तेज बल्लेबाजी की, फिर पुजारा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करके स्कोर को आगे बढ़ाया।