दिल्ली में आयोजित बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान अर्शदीप सिंह का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह कार्यक्रम भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के योगदान और उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें पुरुष और महिला दोनों टीमों के सितारे शामिल हुए। इवेंट के दौरान एक फैन, जो एक आर्टिस्ट भी था, अर्शदीप के पास उनका हाथ से बनाया पोर्ट्रेट लेकर पहुंचा और ऑटोग्राफ मांगा। अर्शदीप ने खुशी-खुशी साइन किया, लेकिन इसके बाद जो कहा, उसने सबको हंसा दिया।
फैन के पोर्ट्रेट पर दिया मजेदार रिएक्शन
अर्शदीप ने पोर्ट्रेट को देखते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, 'इसे खाना-पीना खिलाओ, थोड़ा बड़ा करो, काफी कमजोर लग रहा है ये।' उनका यह हल्का-फुल्का कमेंट वहां मौजूद लोगों के बीच हंसी का कारण बना और देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया। अर्शदीप भी मुस्कुराते हुए दिखे।
टी20 वर्ल्ड कप जीत का हिस्सा
मजेदार अंदाज के अलावा अर्शदीप अपने शानदार प्रदर्शन के लिए भी चर्चा में रहे। वह भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता टीम का अहम हिस्सा थे। टूर्नामेंट में उन्होंने आठ मैचों में नौ विकेट लिए और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अर्शदीप 2024 में भी भारतीय टीम की जीत का हिस्सा रहे थे। इसके अलावा 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम 127 विकेट हैं। उनके पीछे 121 विकेट के साथ जसप्रीत बुमराह हैं।
सफलता का मंत्र बताया
टीम की सफलता पर बात करते हुए अर्शदीप ने बताया कि उनका फोकस हमेशा प्रोसेस और आत्मविश्वास पर रहा। उन्होंने कहा, 'जब हमने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप जीता, तब हार्दिक भैया और टीम के खिलाड़ियों ने कहा था कि अगले 10 साल में कम से कम पांच ट्रॉफी जीतनी है। हमने उसी लक्ष्य पर काम किया और अपने खेल पर भरोसा रखा।'