पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को भारत के खिलाफ महिला एशिया कप मुकाबले में शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद किया गया इशारा भारी पड़ गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने फातिमा पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जुड़ गया है। फातिमा को आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद किसी बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसे शब्दों, हरकतों या इशारों से संबंधित है, जो उसे अपमानित करें या आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकते हैं।
शेफाली को आउट करने के बाद किया था पवेलियन का इशारा
यह घटना भारत की पारी के दौरान हुई। शफाली वर्मा ने भारतीय पारी की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की थी, लेकिन फातिमा सना की गेंद पर उन्होंने वापस गेंदबाज की ओर आसान कैच दे दिया। यह फातिमा का छठी गेंद पर पहला विकेट था। कैच पूरा करने के बाद फातिमा ने शफाली की ओर से पवेलियन की तरफ इशारा किया। इसी व्यवहार को लेकर आईसीसी ने कार्रवाई की। फातिमा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी सुप्रिया दास द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया। इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
24 महीने में दूसरी गलती
यह पिछले 24 महीनों में फातिमा का दूसरा अपराध है। इससे पहले उन्हें 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान एक डिमेरिट अंक मिला था। इस नए डिमेरिट अंक के साथ फातिमा के कुल डिमेरिट अंक दो हो गए हैं। आईसीसी की लेवल-1 की ऐसी गलतियों के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है, जबकि अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक हो सकते हैं।
गेंद से फातिमा ने किया था अच्छा प्रदर्शन
भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान को हालांकि बड़ी हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट कर दिया था। फातिमा ने गेंद से पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन किया और तीन विकेट हासिल किए। उनका पहला विकेट शफाली वर्मा का था, जिन्होंने भारत के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में तेजी से रन बनाने की कोशिश की थी। पाकिस्तान के पास अब इस हार से उबरने के लिए ज्यादा समय नहीं है। टीम को महिला एशिया कप में अपना अगला मुकाबला सोमवार को हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ खेलना है। इस मैच में जीत पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचा देगी।