पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मुकाबलों में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार संबंधी मुद्दों की जांच के लिए आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। यह कदम हेडिंग्ले और लॉर्ड्स में पहले दो टेस्ट मैचों में मिली करारी हार के बाद बोर्ड की सख्त प्रतिक्रिया के तौर पर उठाया गया है।
खिलाड़ियों को लेकर गंभीर दावे
इस हार के बाद विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, ओपनिंग बल्लेबाज इमाम-उल-हक और टी20 कप्तान सलमान अली आगा समेत सात खिलाड़ियों को दौरे के बीच में ही घर वापस भेज दिया गया था। पीसीबी के मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशंस डायरेक्टर आमिर मीर ने पुष्टि की है कि ड्रेसिंग रूम में अशांति के बारे में स्थानीय मीडिया में आ रही खबरों के जवाब में एक आंतरिक समीक्षा शुरू की गई है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दौरे के बीच से खिलाड़ियों को स्वदेश वापस बुलाना सिर्फ खराब प्रदर्शन के कारण की गई कार्रवाई नहीं थी। पाकिस्तानी मीडिया में यह भी दावा किया गया है कि कुछ खिलाड़ियों ने अपने फोन पीसीबी को दिए हैं और डिवाइस अंतिम टेस्ट मैच तक बोर्ड के पास ही रहेंगे। हालांकि, पीसीबी की ओर से इन दावों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अटकलों पर ध्यान नहीं देने की सलाह
मीर ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर कहा, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अनुशासन और आचरण से जुड़ी मीडिया खबरों के बाद एक आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है, जिनकी अभी आंतरिक रूप से समीक्षा की जा रही है। पीसीबी ऐसे मामलों को अपनी मानक प्रक्रियाओं के अनुसार संभालता है। यह प्रक्रिया पीसीबी के नियमों के तहत की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी संबंधित व्यक्तियों की बात पर उचित ध्यान दिया जाए।
मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी घर वापस भेज दिया गया था और उनकी जगह माइक हेसन और एशले नोफके ने ले ली है। मीर ने कहा, इस समय, कुछ प्लेटफॉर्म पर चल रही अटकलों वाली खबरों या बिना पुष्टि किए गए दावों को खासकर जो विरोधी बाहरी स्रोतों से आ रहे हैं विश्वसनीय नहीं माना जाना चाहिए। पीसीबी इस समय और कोई टिप्पणी नहीं करेगा। बोर्ड हितधारकों और जनता को सलाह देता है कि वे पीसीबी की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
पाकिस्तान क्रिकेट में घमासान
- फोटो : IANS
नकवी को आलोचना का करना पड़ा था सामना
मोहसिन नकवी के नेतृत्व वाले पीसीबी प्रशासन को विदेशी दौरे के बीच ऐसे अभूतपूर्व कदम उठाने के लिए पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है, जबकि पाकिस्तान अभी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में सबसे नीचे चल रहा है। पाकिस्तानी टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पहला मैच पारी और 103 रन से गंवाया था, जिसके बाद अगले मैच में 194 रन से हार का सामना किया। पाकिस्तान सीरीज गंवा चुकी है। अब नौ सितंबर से शुरू होने जा रहे तीसरे मैच को जीतकर लाज बचाना इस टीम का मकसद होगा।