ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में 4-1 की हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में सवाल उठने लगे थे। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और चयन नीति सभी पर आलोचना हुई। अब बोर्ड ने बदलाव की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इंग्लैंड ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्कस नॉर्थ को नया राष्ट्रीय चयनकर्ता नियुक्त किया है। यह पहली बार है जब किसी विदेशी को यह जिम्मेदारी दी गई है।
मार्कस नॉर्थ को क्यों मिली जिम्मेदारी?
मार्कस नॉर्थ का इंग्लैंड घरेलू क्रिकेट से गहरा रिश्ता रहा है। वह छह काउंटी टीमों के लिए खेल चुके हैं और 2018 से डरहम के क्रिकेट निदेशक हैं। वहीं उन्होंने टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के साथ भी काम किया है। इंग्लैंड चयनकर्ताओं पर अक्सर आरोप लगता रहा है कि वे काउंटी क्रिकेट के प्रदर्शन को नजरअंदाज करते हैं। ऐसे में नॉर्थ की नियुक्ति घरेलू प्रदर्शन को प्राथमिकता देने की दिशा में कदम मानी जा रही है।
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए नई टेस्ट टीम
चार जून से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने नई टीम चुनी है। ओपनर जैक क्राउली और नंबर-तीन बल्लेबाज ओली पोप को बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह तीन नए खिलाड़ियों को मौका मिला है। इनमें एमिलियो गे, जेम्स रियू, सोनी बेकर। जेम्स रियू को भविष्य का बड़ा खिलाड़ी माना जाता है। उनके नाम 12 फर्स्ट क्लास शतक हैं और सर्वोच्च स्कोर 221 रन है।
तेज गेंदबाजी में संकट
इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी फिलहाल कमजोर नजर आ रही है। क्रिस वोक्स, जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड संन्यास ले चुके हैं। वहीं मार्क वुड और ब्रायडन कार्स चोटिल हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर टी20 प्रतिबद्धताओं के कारण उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मैथ्यू फिशर और युवा सॉनी बेकर को मौका मिला है।
पुराने चेहरों की वापसी भी
ओली रॉबिन्सन की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उन्होंने 2021 से अब तक 76 विकेट लिए हैं। स्पिन विभाग में रेहान अहमद की वापसी हुई है, जो अक्तूबर 2024 के बाद पहली बार टेस्ट टीम में लौटे हैं। उनके साथ शोएब बशीर स्पिन विकल्प रहेंगे।
इंग्लैंड की टेस्ट टीम (पहला टेस्ट): बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग।
एशेज में हार के बाद इंग्लैंड ने साफ संकेत दिया है कि अब बदलाव का दौर शुरू हो चुका है। नए चयनकर्ता, नए खिलाड़ी और नई रणनीति के साथ टीम न्यूजीलैंड सीरीज से नई शुरुआत करना चाहती है। अब देखना होगा कि यह प्रयोग कितना सफल होता है।