गावस्कर और शास्त्री ने लेजर शो पर आपत्ति जताई है
- फोटो : ANI/Twitter
भारत के दो दिग्गज क्रिकेटरों ने टी20 विश्वकप 2026 के दौरान भारत और वेस्टइंडीज के सुपर-8 मुकाबले में हुए लेजर शो पर कड़ी आपत्ति जताई है। सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री, भारत के दोनों पूर्व कप्तानों ने ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान स्टेडियम में हुए इस शो के समय और उसके प्रभाव पर सवाल खड़े किए। मैच के दौरान जब ढाई से तीन मिनट का ड्रिंक्स ब्रेक हुआ, तब स्टेडियम की लाइट्स को हल्का कर लेजर शो चलाया गया। यह दृश्य दर्शकों के लिए भले ही रोमांचक रहा हो, लेकिन क्रिकेट के दिग्गजों को यह बिल्कुल पसंद नहीं आया।
खिलाड़ियों को फोकस करने में परेशानी
कॉमेंट्री के दौरान गावस्कर ने साफ तौर पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान ढाई या तीन मिनट का लेजर शो… यह बल्लेबाजों या किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं है। आंखों को रोशनी के अनुरूप ढालना पड़ता है। पहले अंधेरा हो जाता है और फिर अचानक तेज रोशनी आ जाती है।' उन्होंने आगे कहा, 'यह विश्व कप है। ढाई मिनट के लिए क्या हमें ऐसे मनोरंजन की जरूरत है? आईपीएल के बीच में हो तो ठीक है, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में नहीं। और यहां तो विश्व कप का अहम मैच चल रहा है, ऐसे में ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान लेजर शो की क्या जरूरत है?' उनका इशारा साफ था कि इतने बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की तैयारी और फोकस सबसे अहम होना चाहिए, न कि मनोरंजन।
'फिर से फोकस में आना आसान नहीं'
शास्त्री ने भी गावस्कर की बातों का समर्थन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के नजरिए से इस मुद्दे को समझाया। शास्त्री ने कहा, 'खिलाड़ियों के नजरिए से देखें तो दोबारा फोकस में आना कभी आसान नहीं होता। यह गंभीर मामला है।' उनके मुताबिक, जब मैच निर्णायक मोड़ पर हो और सेमीफाइनल में जगह दांव पर लगी हो, तब ऐसे प्रयोग खिलाड़ियों की लय और मानसिक तैयारी को प्रभावित कर सकते हैं।
सेमीफाइनल की जंग और भारत की जीत
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में आखिरकार भारत ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने नाबाद 97 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने भारत को मुश्किल हालात से निकालकर जीत दिलाई। अब भारतीय टीम पांच मार्च को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगी और खिताब बचाने की अपनी मुहिम जारी रखेगी।