फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूसरे वनडे से पहले न्यूजीलैंड को लगा झटका: क्यों पूरी सीरीज से बाहर हुए डेवोन कॉनवे? हेनरी की चोट पर आया अपडेट

Fri, 06 Nov 2026 09:23 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंगटन

सार

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के बाकी मुकाबलों से न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे कन्कशन के कारण बाहर हो गए हैं। अभ्यास के दौरान मैट हेनरी से टकराने के बाद उन्हें चोट लगी थी। हालांकि, हेनरी को दूसरे वनडे के लिए फिट घोषित किया गया है। कॉनवे की जगह निक केली टीम में शामिल होंगे।
विज्ञापन
कॉनवे - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे चोट के कारण बाकी बचे मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। कॉनवे को अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगी थी और वह कन्कशन (सिर में चोट लगने के बाद मस्तिष्क पर असर) का शिकार हुए हैं। वहीं, तेज गेंदबाज मैट हेनरी को दूसरे वनडे के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। दोनों खिलाड़ी भारत के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में भी नहीं खेल पाए थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

विज्ञापन
Trending Videos

अभ्यास के दौरान आपस में टकराए थे कॉनवे और हेनरी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे से एक दिन पहले दोनों खिलाड़ी अभ्यास के दौरान फील्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान कॉनवे और हेनरी आपस में टकरा गए थे। इसके बाद दोनों को पहले वनडे से बाहर रहना पड़ा। जांच के बाद कॉनवे को कन्कशन की पुष्टि हुई और उन्हें पूरी वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया। दूसरी ओर, हेनरी को कन्कशन नहीं होने की पुष्टि के बाद दूसरे वनडे के लिए चयन के लिए उपलब्ध घोषित किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, 'डेवोन कॉनवे मंगलवार को अभ्यास के दौरान फील्डिंग करते हुए कन्कशन का शिकार हुए थे। इसके कारण वह भारत के खिलाफ बाकी बचे वनडे मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज निक केली, जिन्हें चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, कॉनवे की जगह टीम से जुड़ेंगे।'

मैट हेनरी - फोटो : ANI
निक केली को मिला मौका, डेल फिलिप्स न्यूजीलैंड ए में शामिल
कॉनवे की जगह निक केली को न्यूजीलैंड की वनडे टीम में शामिल किया गया है। उन्हें शुरुआत में केवल सीरीज के चौथे और पांचवें मुकाबले के लिए चुना गया था, लेकिन अब वह दूसरे वनडे से ही टीम के साथ जुड़ जाएंगे। इस बदलाव का असर न्यूजीलैंड ए की टीम पर भी पड़ा है। केली को भारत ए के खिलाफ शनिवार को लिंकन में होने वाले अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले से हटाया गया है। उनकी जगह ऑकलैंड के बल्लेबाज डेल फिलिप्स को न्यूजीलैंड ए की टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने बयान में आगे कहा, 'कॉनवे के साथ फील्डिंग अभ्यास के दौरान टकराने वाले मैट हेनरी को कन्कशन नहीं होने की पुष्टि हुई है। ऑकलैंड एसेस के बल्लेबाज डेल फिलिप्स शनिवार से शुरू होने वाले भारत ए के खिलाफ आखिरी चार दिवसीय मुकाबले के लिए न्यूजीलैंड ए टीम में केली की जगह लेंगे।'
विज्ञापन

निक केली - फोटो : Twitter
भारत ने पहले वनडे में पांच विकेट से दर्ज की थी जीत
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज जीत के साथ किया था। बुधवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने डकवर्थ लुईस (डीएलएस) पद्धति से पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

भारत की ओर से अंशुल कंबोज को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। उन्होंने 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए थे। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे शनिवार को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की नजरें मुकाबला जीतकर सीरीज में बराबरी करने पर होंगी, जबकि भारतीय टीम अपनी बढ़त को 2-0 करने के इरादे से उतरेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें