फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईपीएल 2027: दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग टीम में लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा? गांगुली के साथ जुड़ सकते हैं ये तीन

Sun, 13 Sep 2026 01:24 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली कैपिटल्स अगले आईपीएल सत्र से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। टीम हेमंग बदानी को रोल से हटा सकती है। हालांकि, अभी तक दिल्ली ने इसका एलान नहीं किया है। बदानी पिछले सीजन कोच रहे थे, लेकिन टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था।
विज्ञापन
दिल्ली की कोचिंग टीम ये हो सकती है - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी कोचिंग टीम का खाका लगभग तैयार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में जिन दिग्गजों का नाम चल रहा है, अगर वैसा हुआ तो डीसी की ड्रेसिंग रूम में क्रिकेट के चार बड़े सितारों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन


स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट के 'दादा' सौरव गांगुली रणनीति की कमान संभालेंगे, विश्व कप विजेता युवराज सिंह उनका साथ देंगे, जबकि श्रीलंका के दिग्गज चामिंडा वास तेज गेंदबाजों को तराशेंगे और आईपीएल के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। यानी कप्तानी से लेकर बल्लेबाजी, तेज गेंदबाजी और स्पिन तक, दिल्ली के पास हर मोर्चे पर ऐसा अनुभवी नाम होगा, जिसने बड़े मंच पर खुद को साबित किया है।

सौरव गांगुली - फोटो : IPL
वास संभाल सकते हैं गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, वास दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। हालांकि फ्रेंचाइजी ने अभी उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट में कई सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि 51 वर्षीय वास नई दिल्ली में टीम के तैयारी शिविर और ट्रायल से जुड़ चुके हैं। अगर यह नियुक्ति आधिकारिक होती है, तो दिल्ली के पास चार ऐसे नाम होंगे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।

गांगुली के हाथों में हो सकती है टीम की कमान
दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग सेटअप में सबसे बड़ा बदलाव मुख्य कोच के पद पर हो सकता है। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली हेमंग बदानी की जगह मुख्य कोच की भूमिका संभाल सकते हैं। भारतीय क्रिकेट में गांगुली का नाम कप्तानी, आक्रामक रवैये और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए जाना जाता है। 'दादा' के सामने अब दिल्ली कैपिटल्स को ऐसी टीम तैयार करने की चुनौती होगी, जो पिछले सत्र की निराशा से बाहर निकल सके। 2025 में दिल्ली की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। ऐसे में गांगुली के अनुभव पर फ्रेंचाइजी की नजर रहेगी।

युवराज सिंह - फोटो : ANI
युवराज दे सकते हैं आक्रामक क्रिकेट का मंत्र
गांगुली के साथ भारतीय क्रिकेट के एक और बड़े नाम युवराज सिंह की एंट्री होने वाली है। भारत के पूर्व ऑलराउंडर सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। दो विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे युवराज ने अपने करियर में बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने और आक्रामक क्रिकेट खेलने का लंबा अनुभव हासिल किया है। खास तौर पर बल्लेबाजों और मध्यक्रम के खिलाड़ियों के साथ युवराज का अनुभव दिल्ली के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। टीम अगर आक्रामक बल्लेबाजी का खाका तैयार करना चाहती है, तो युवराज की मौजूदगी उसके लिए बड़ा फायदा हो सकती है।

वास संभालेंगे तेज गेंदबाजों की जिम्मेदारी?
श्रीलंका के महान तेज गेंदबाजों में शामिल चामिंडा वास दिल्ली के गेंदबाजी विभाग में नई धार ला सकते हैं। स्पोर्टस्टार के मुताबिक, वास तेज गेंदबाजी कोच के रूप में टीम से जुड़ने वाले हैं। वास का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड उनके अनुभव की कहानी खुद बताता है। उन्होंने श्रीलंका के लिए 111 टेस्ट में 355 विकेट और 322 वनडे में 400 विकेट लिए। वह 1996 में विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के अहम सदस्य भी थे। तेज गेंदबाजों के विकास और उनके साथ काम करने का वास को लंबा अनुभव है। ऐसे में दिल्ली के युवा तेज गेंदबाजों के लिए उनका जुड़ना काफी अहम हो सकता है।

चमिंडा वास - फोटो : ANI
अमित मिश्रा की फिरकी से मजबूत होगा स्पिन विभाग
दिल्ली के संभावित नए कोचिंग सेटअप में एक और अनुभवी भारतीय नाम जुड़ता दिखाई दे रहा है। आईपीएल के सबसे सफल लेग स्पिनरों में शामिल अमित मिश्रा भी टीम के शिविर में पहुंच चुके हैं और स्पिन गेंदबाजी कोच के तौर पर काम करेंगे। मिश्रा का आईपीएल में लंबा अनुभव रहा है और वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। ऐसे में स्पिनरों को परिस्थितियों के हिसाब से गेंदबाजी करने, बल्लेबाजों को पढ़ने और टी20 क्रिकेट की रणनीति समझने में उनका अनुभव काम आ सकता है।

चार दिग्गज, चार अलग-अलग ताकत
अगर ये सभी नियुक्तियां अंतिम रूप लेती हैं, तो दिल्ली कैपिटल्स का कोचिंग सेटअप कुछ इस तरह नजर आएगा:
नाम भूमिका खास अनुभव
सौरव गांगुली मुख्य कोच पूर्व भारतीय कप्तान
युवराज सिंह सहायक कोच दो विश्व कप विजेता, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर
चामिंडा वास तेज गेंदबाजी कोच 755 अंतरराष्ट्रीय विकेट
अमित मिश्रा स्पिन गेंदबाजी कोच आईपीएल के सबसे सफल लेग स्पिनरों में शामिल
विज्ञापन

अमित मिश्रा - फोटो : ANI
2026 की निराशा के बाद बड़ा बदलाव
फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग ढांचे में बड़ा फेरबदल करने का फैसला लगभग ले लिया है। गांगुली के नेतृत्व में युवराज, वास और मिश्रा जैसे अनुभवी क्रिकेटरों की मौजूदगी टीम को अलग-अलग क्षेत्रों में विशेषज्ञता दे सकती है। हालांकि इन नियुक्ति पर अभी दिल्ली कैपिटल्स की आधिकारिक मुहर लगना बाकी है, लेकिन अगर यह पूरा सेटअप आकार लेता है, तो दिल्ली की कोचिंग टीम आईपीएल की सबसे चर्चित और अनुभवी इकाइयों में से एक बन सकती है। अब असली चुनौती इन बड़े नामों के अनुभव को मैदान पर जीत में बदलने की होगी और दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार आईपीएल खिताब दिलाने पर होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें