भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर को 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए राजस्थान क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) ने टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। राजस्थान को टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप-ए में रखा गया है। टीम अपने सभी सात लीग मुकाबले मुंबई में खेलेगी। राजस्थान अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले से करेगा।
राहुल चाहर को भी टीम में मिली जगह
दीपक चाहर के छोटे भाई और भारतीय टीम के लिए एक वनडे व छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके लेग स्पिनर राहुल चाहर को भी टीम में शामिल किया गया है। राहुल के दूसरी टीम से घरेलू क्रिकेट खेलने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब वह राजस्थान की ओर से ही खेलते नजर आएंगे। गौरतलब है कि दीपक और राहुल दोनों ही रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में राजस्थान की ओर से नहीं खेले थे।
खलील अहमद को नहीं मिली जगह
भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद को इस बार भी राजस्थान की टीम में जगह नहीं मिली है। वह अपनी पूर्व आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार हुए थे और सर्जरी के बाद से रिकवरी कर रहे हैं। खलील ने भारत के लिए 11 वनडे और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। हाल ही में उन्हें 4.8 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद में ट्रेड किया गया है।
आईपीएल में खेल चुके कई खिलाड़ियों को मौका
राजस्थान की टीम में अनुभवी बल्लेबाजी ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर के अलावा युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा और मुकुल चौधरी को भी शामिल किया गया है। ये तीनों खिलाड़ी आईपीएल 2026 का हिस्सा रहे थे। इनके अलावा अभिजीत तोमर, अजय राज सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, हनी प्रताप सिंह और हिमांशु सिंह राणा को भी टीम में जगह मिली है। रामनिवास गोलाडा, रोहन राजभर, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड टीम के अन्य सदस्य हैं।
राजस्थान का पूरा मैच शेड्यूल
- 14 नवंबर : उत्तर प्रदेश के खिलाफ
- 16 नवंबर : झारखंड के खिलाफ
- 18 नवंबर : चंडीगढ़ के खिलाफ
- 20 नवंबर : बड़ौदा के खिलाफ (डे-नाइट मुकाबला)
- 22 नवंबर : मिजोरम के खिलाफ
- 24 नवंबर : कर्नाटक के खिलाफ
- 26 नवंबर : बंगाल के खिलाफ
राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम
दीपक चाहर (कप्तान), मानव सुथार (उपकप्तान), अजय राज सिंह, कार्तिक शर्मा, राहुल चाहर, रामनिवास गोलाडा, रोहन राजभर, अभिजीत तोमर, हिमांशु सिंह राणा, हनी प्रताप सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, महिपाल लोमरोर, मुकुल चौधरी, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड।