मैच के दूसरे दिन यानी 8 जुलाई को बांग्लादेश के तस्कीन अहमद और जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी बीच मैदान पर 'हाथापाई' जैसी नौबत आ गई थी। दोनों के बीच खूब गहमागहमी हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। दोनों के बीच यह घटना मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश की पारी के 85वें ओवर में हुई थी। इस दौरान दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के करीब आ गए थे और दोनों के बीच कुछ कहासुनी होने लगी थी।
वहीं, दोनों खिलाड़ियों की इस हरकत के लिए आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की आचार संहिता के लेवल एक (अनुचित शारीरिक संपर्क) का उल्लघंन के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। खिलाड़ियों को आईसीसी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1.12 का उल्लघंन करते हुए पाया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ, अंपायर, मैच रैफरी या किसी अन्य व्यक्ति (दर्शक भी शामिल) अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है। इसके अलावा खिलाड़ियों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक एक डिमैरिट अंक जोड़ दिए गए हैं। इन दोनों को पिछले 24 महीनों में किसी उल्लंघन का दोषी नहीं पाया गया था।
जिम्बाब्वे को बांग्लादेश के खिलाफ हरारे टेस्ट में 220 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। मैच के अंतिम दिन जिम्बाब्वे को जीतने के लिए 477 रन बनाने थे। लेकिन उसकी पूरी टीम 256 रनों पर ढेर हो गई। बांग्लादेश को मैच जिताने में महमूदुल्लाह ने खास भूमिका निभाई। उन्होंने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाए थे। वहीं दूसरी पारी में भी बाग्लादेश की ओर से शादमन इस्लाम और नजमुल होसैन शांतो ने शतक जड़े। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 468 और दूसरी इंनिग्स में एक विकेट पर 284 रन बनाकर पारी घोषित की। इस पूरे मुकाबले में जिंबॉब्वे की टीम संघर्ष करती नजर आई।