करोड़ो भारतीय प्रशंसकों के चहेते और वर्ल्ड कप 2011 के मैन ऑफ टूर्नामेंट युवराज जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी पहने दिख सकते हैं। यानि अगले साल जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज और टी-20 वर्ल्ड कप 2016 में उनकी वापसी हो सकती है।
फिलहाल विजय हजारे ट्रॉफी सीरीज में पंजाब की ओर से खेल रहे युवी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 81 के औसत और 98 के स्ट्राइक रेट से 243 रन बनाए। बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर की यह बल्लेबाजी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को अपनी ओर खींचने के लिए काफी है।
सिर्फ यही रिकॉर्ड ही नहीं भारतीय टीम के वनडे और टी-20 कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की युवराज सिंह के संदर्भ में काफी पहले कही गई कुछ बातें भी युवी के हित में लग रही है। शनिवार को टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयन होना है।
धोनी के अनुसार, युवी की जगह भरना अभी मुश्किल
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हालिया सम्पन्न हुई फ्रीडम वनडे और टी-20 सीरीज में हार के बाद टीम इंडिया के वनडे और टी-20 कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम में युवराज सिंह की कमी की बात कही थी।
धोनी ने कहा था कि युवराज की अनुपस्थिति में टीम को नंबर 4 और नंबर 5 के क्रम की बल्लेबाजी में सुधार की जरुरत थी लेकिन जो सोचा था वह हुआ नहीं।
टीम इंडिया के लिए नंबर 4, 5 और नंबर 6 क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए युवी का स्ट्राइक 80 से ऊपर ही रहा है। नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए युवी के बल्ले से 34.3 के औसत और 88.58 के स्ट्राइक से 3057 रन निकले। जबकि नंबर 5 पर वह 87.43 के स्ट्राइक और 40 के औसत से 3026 रन बना चुके हैं।
इतना ही नहीं, नंबर 6 वें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए युवी ने 84 के स्ट्राइक और 36 के औसत से 1799 रन बनाए हैं।
यह होगा ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया का शेड्यूल
अगले साल जनवरी माह में टीम इंडिया वनडे और टी-20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। साल 2015 में वनडे और टी-20 में औसत प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया की कोशिश रहेगी कि साल 2016 का आगाज शानदार हो।
ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया 5 वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। आखिरी बार दोनों के बीच मुकाबला इसी साल सम्पन्न हुए वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हुआ था जहां टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।