कप्तान युवराज सिंह समेत चार बल्लेबाजों की खेली गई विस्फोटक पारी के दम पर इंडिया ब्लू चैलेंजर सीरीज में दूसरी जीत हासिल करने में सफल रहा।
इंदौर में खेले गए मुकाबले में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद तेज गेंदबाज विनय कुमार (76/4) ने खर्चीले होने के बावजूद चार विकेट झटके जिससे इंडिया रेड लक्ष्य से 11 रन दूर रह गया। लगातार दो जीत से इंडिया ब्लू फाइनल में पहुंच गया।
भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की आस लगाए युवराज ने एक बार फिर लाजवाब बल्लेबाजी की। उन्होंने एनकेपी साल्वे चैलेंजर सीरीज के दूसरे मैच में इंडिया रेड के खिलाफ महज 53 गेंदों में छह चौके और पांच छक्कों की मदद से 84 रनों की पारी खेली।
कप्तान युवराज सिंह के अलावा टीम के लिए अभिषेक नायर ने महज 39 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 75 रन बनाए।
युवराज और नायर के अलावा अक्षत रेड्डी (84) और मनीष पांडे (70) ने भी उपयोगी योगदान दिया। इंडिया ब्लू ने 50 ओवर में चार विकेट पर 345 रन बनाए। जवाब में इंडिया रेड की पूरी टीम 49.5 ओवर में 334 रनों पर सिमट गई।
चार अर्धशतक
इंडिया ब्लू की ओर से सिर्फ नमन ओझा ही बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने महज नौ रन बनाए। इसके बाद क्रीज पर उतरे लगातार चार बल्लेबाजों ने आतिशी पारी खेली। इन चारों ने कुल 13 छक्के जमाए। साथ ही टीम की पारी में कुल 25 चौके भी लगे।
एक अन्य बल्लेबाज अंकित भावने भी क्रीज पर उतरे पर उन्हें एक ही गेंद खेलने का मौका मिला और उस पर भी खाता नहीं खोल पाए।
इससे पहले बृहस्पतिवार को टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में इंडिया ब्लू ने दिल्ली को 18 रनों से हराया था।
जोरदार संघर्ष
इंडिया रेड की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे रॉबिन उथप्पा महज नौ रन बनाकर आउट हो गए। खराब शुरुआत से उबरते हुए इंडिया रेड ओपनर अभिनव मुकुंद और समित पटेल के बीच दूसरे विकेट के लिए हुए 134 रनों की साझेदारी की बदौलत एक बार फिर चुनौती में आ गया।
लेकिन विनय कुमार के चार विकेट ने टीम की हालत खराब कर दी और पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी। मुकुंद ने सर्वाधिक 83 और समित पटेल ने 68 रनों का योगदान दिया।
आज के मुकाबले में कुछ छह अर्धशतक लगे।