भले ही युवराज सिंह अभी टीम इंडिया से बाहर हों लेकिन उनकी बल्लेबाजी के सभी कायल हैं। और आज भी कई उन्हें अपनी टीम में लेना चाहते हैं।
भारतीय क्रिकेट के दो धाकड़ बल्लेबाजों वीरेंद्र सहवाग और युवराज सिंह को आईपीएल में रिटेशन का फायदा नहीं मिला है।
ऐसे में अब खबर आ रही है कि आईपीएल के सातवें सत्र में अपनी टीम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली धुरंधर बल्लेबाज युवराज को अपनी टीम से जोड़ना चाहते हैं।
माना जा रहा है कि विराट कोहली ने युवराज से इस संदर्भ में बात की है और अपनी इच्छा के बारे में उन्हें बताया है कि वह उन्हें आईपीएल की 12 फरवरी की नीलामी में खरीदना चाहते है।
खराब फॉर्म से गुजर रहे युवराज सिंह इस समय टीम इंडिया से बाहर हैं। युवराज आईपीएल के छठे संस्करण में पुणे वॉरियर्स की तरफ से खेले थे जो कि अब आईपीएल का हिस्सा नहीं है।
युवराज सिंह ने आईपीएल करियर की शुरुआत पंजाब किंग्स इलेवन से की थी और वह उस टीम से तीन साल तक जुड़े रहे थे। बाद में आईपीएल की नई फ्रेंचाइजी टीम पुण वॉरियर्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया था।
सहारा ग्रुप की पुणे वॉरियर्स ने बीसीसीआई के साथ वित्तीय मामले में अनबन होने पर आईपीएल से हटने का फैसला ले लिया था।
हालांकि खबर यह भी है कि बाएं हाथ के इस धाकड़ आलराउंडर को लेने के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस भी प्रयासरत हैं।