आईपीएल 6 का 65वां मैच रोमांचक दौर में था और कोलकाता नाइटराइडर्स को जीत के लिए 13 गेंदों में 23 रन चाहिए थे। ऐसे में आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे यूसुफ पठान एक ऐसी हरकत कर बैठे जिसने न सिर्फ सभी को चौंका दिया बल्कि टीम को हार का मुंह भी देखना पड़ा।
पूरे टूर्नामेंट में अपनी ख्याति के अनुरूप बल्लेबाजी करने से नाकाम रहे पठान ने आज लाजवाब बल्लेबाजी की। और उन्होंने रेयान टेन डश्चेट के साथ चौथे विकेट के लिए उपयोगी 98 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा भी दिया था।
उनकी जोरदार बल्लेबाजी से लग रहा था कि पठान अपने दम पर ही कोलकाता को जीत के पार पहुंचा देंगे। लेकिन पठान 18वें ओवर में वाएने पार्नेल की पांचवीं गेंद पर हल्के हाथों से खेलकर 1 रन के लिए दौड़ पड़े लेकिन खुद को रन आउट से बचाने के लिए उन्होंने जान बूझकर गेंद को पैर से मारकर क्षेत्ररक्षक की पहुंच से दूर कर दिया।
पठान की इस हरकत से पुणे के क्षेत्ररक्षकों ने अंपायर से आउट की अपील की। अंपायर ने इसे थर्ड अंपायर के पास भेजा और उन्होंने पठान को मैदान पर बाधा पहुंचाने के कारण आउट करार दे दिया।
पठान जिस समय आउट हुए उस समय उनके बल्ले से 44 गेंदों में 72 रनों (8 चौका व 2 छक्का) की उम्दा पारी निकल चुकी थी।
पठान के आउट होने के बाद अन्य बल्लेबाज जीत के लिए 23 रन नहीं बना पाए और टीम को 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। और इस हार के साथ ही गत चैंपियन कोलकाता का टूर्नामेंट के प्लेआफ में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो गई।