ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज सैम कोंसटास ने भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का सामना करने की इच्छा जताई है। कोंसटास ने भारत के खिलाफ रविवार को कैनबरा में खेले गए अभ्यास मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश की ओर से शानदार शतक जड़ा था। कोंसटास ने 97 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली थी और भारतीय गेंदबाजों के सामने अपना दम दिखाया था। अभ्यास मैच में हालांकि कोंसटास को बुमराह का सामना करने का मौका नहीं मिला था।
अपनी शतकीय पारी के बाद कोंसटास ने बुमराह की काफी तारीफ की। बुमराह को अभ्यास मैच से आराम दिया गया था और वह गेंदबाजी करने नहीं आए थे। कोंसटास बुमराह की प्रतिभा से काफी प्रभावित हैं और उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बताते हुए उम्मीद जताई कि एक दिन वह बुमराह का सामना जरूर करेंगे। कोंसटास ने कहा कि उन्हें अपने खेल पर भरोसा था और भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलने का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी बात थी।
'शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना सुखद'
कोंसटास ने कहा, बुमराह काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और मैंने उन्हें काफी देखा है। जाहिर है कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। उम्मीद है कि एक दिन मैं उनका सामना करूंगा और देखेंगे कि हमारे बीच कैसा मुकाबला होता है। मुझे अपने खेल पर भरोसा है। मैंने काफी कठिन अभ्यास किया था और शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलना सुखद है।
टिम पेन के साथ किया था अभ्यास
कोंसटास ने खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन के नेतृत्व में अभ्यास किया है। उन्होंने साथ ही बताया कि पेन ने 46 ओवर के मुकाबले के लिए कैसी शैली अपनाने की सलाह की थी। कोंसटास ने कहा, मैंने टिम पेन के साथ अभ्यास किया। उन्होंने मुझे बताया था कि 46 ओवर के मैच में अच्छी लय में खेलना और दबाव बनाना बेहतर होता है। मैंने बस चीजें आसान रखनी की कोशिश की और अपनी रणनीति के अनुसार ही खेलने का प्रयास किया।