मोहाली में 'सुपर संडे' यानी रविवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बड़ा मुकाबला होना है और इस मैच की विजेता टीम ही टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। कहने को तो यह टूर्नामेंट में सुपर-10 के ग्रुप-2 चरण में लीग मुकाबला है, लेकिन जिस तरह से समीकरण बने हैं उससे यह मैच क्वार्टर फाइनल सरीखा हो गया है, जीतने वाली टीम आगे बढ़ेगी। कुछ ही घंटे में दोनों दिग्गज टीमें मैदान पर एक-दूसरे के सामने होंगी।
निर्णायक मुकाबले से पहले दोनों टीमें अपनी-अपनी योजना पर काम भी कर रही होंगी। धोनी की अगुवाई में मेजबान टीम इंडिया भी कुछ खास प्लान को बना ही रही होगी। और टीम में शामिल युवराज सिंह के अनुभव को देखते हुए टीम प्रबंधन उनसे भी रायशुमारी कर सकता है, लेकिन इसके उलट युवराज के पिता योगराज सिंह ने एक बार कप्तान धोनी पर निशाना साधा है। पहले भी कई मौकों पर धोनी को बुरा-भला कहने वाले योगराज ने अपनी सीमा भी लांघ दी है।
पूर्व क्रिकेटर योगराज ने एक साक्षात्कार में युवराज के बारे में कहा, "जिस तरह मेरे बेटे के साथ इतना बुरा सलूक रहा है, मेरे दिल में बहुत दर्द होता है। युवराज को 2014 वर्ल्ड कप टी-20 के फाइनल मैच (श्रीलंका के खिलाफ) के बाद टीम से निकाल दिया गया। उसके बाद उसकी वापसी हुई तो धोनी का व्यवहार अभी भी नहीं बदला है।"
योगराज ने कहा कि नंबर 5 पर बैटिंग करते हुए उसका बल्लेबाजी औसत 60 के करीब रहा है। करीब 2 साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई और अब बल्लेबाजी का क्रम भी युवराज का निरंतर बदलता जा रहा है, कभी उसे चौथे नंबर पर भेजा जाता है तो कभी सातवें नंबर पर भी। वर्ल्ड कप 2016 में बांग्लादेश के खिलाफ अहम मुकाबले में युवराज को बल्लेबाजी में सातवें क्रम पर उतारा गया।