चेन्नई में तीन विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले लेग स्पिनर यजुवेंद्र चहल ने कहा कि कप्तान विराट कोहली ने उन्हें और आक्रामक बना दिया है। पहले वन डे में 30 रन देकर 3 विकेट लेने वाले चहल ने कहा कि विराट कोहली जैसे आक्रामक कप्तान की वजह से यह संभव हो पाया है। चहल कहते हैं कि कलाई के स्पिनर अमूमन आक्रामक होते हैं। लेकिन जब टीम का कप्तान आक्रामक हो तो आपको अपने आक्रमण को और तेज करने की आजादी मिलती है।
चहल ने कहा कि मैच में एक छोर से वह गेंदबाजी कर रहे थे और दूसरे छोर से बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज कुलदीप यादव गेंदबाजी कर रहे थे। इस तरह के संयोजन से उन्हें और मदद मिली। ऐसे संयोजन के साथ गेंदबाजी करने से विपक्षी बल्लेबाज जरूर चकमा खा जाते हैं।
मैच में हमेशा आपके पक्ष में बेहतर नहीं होता। कभी कभी आपको अपने कदम पीछे हटाने पड़ते हैं। अपनी रणनीति में बदलाव भी करना पड़ता है। मैच के बीच हम आपस में बात करके और उचित कदम उठाने के लिए बात करते हैं।