भारत के मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले इन दिनों लंदन में है। वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में कमेंट्री के लिए वहां गए हैं। हर्षा ने इस दौरान लंदन में दिग्गज फुटबॉल कमेंटेटर पीटर ड्रूरी से मुलाकात की। दशकों से भोगले और ड्रूरी दोनों ने अपनी आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है। पीटर ड्रूरी ने कई अहम फुटबॉल मैच में यादगार कमेंट्री की है। पिछले साल विश्व कप के दौरान अर्जेंटीना के मैचों के दौरान उनकी कमेंट्री ने लोगों का दिल जीत लिया।
क्रिकेट में जिस तरह भारत और पाकिस्तान मैच के दौरान हर्षा भोगले की टिप्पणी जरूरी हो जाती है उसी तरह अहम फुटबॉल मैच में ड्रूरी की आवाज न हो तो फैंस को मजा नहीं आता। ड्रूरी को सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल कमेंटेटर भी कहा जाता है। हाल ही में उन्होंने यूरोप लीग के फाइनल के दौरान खुलासा किया था कि हर्षा भोगले उनके आदर्श हैं और वह जल्द ही लंदन में उनसे मुलाकात करेंगे।
हर्षा भोगले ने शेयर की तस्वीर
हर्षा और पीटर की मुलाकात विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बीच ओवल में हुई। दोनों की बातचीत की कुछ तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। हर्षा ने पीटर के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ''कितने प्यारे इंसान हैं। शीर्ष पेशेवर हैं पीटर ड्रूरी। उनके काम के बारे में उनसे बात करके काफी खुशी हुई।''
मैच में अब तक क्या हुआ?
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैमरन ग्रीन सात और मार्नस लाबुशेन 41 रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम अब चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को जल्द से जल्द समेटने की कोशिश करेगी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को 173 रन की लीड मिली थी। दूसरी पारी में 123 रन मिलाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम की अब तक कुल बढ़त 296 रन की हो गई है।