फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC Final: दक्षिण अफ्रीका के नाम ICC टूर्नामेंट में दो खिताबों के बीच सबसे लंबा अंतराल, 27 साल का सूखा अब खत्म

Sat, 14 Jun 2025 06:29 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 27 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया है। हालांकि, टीम तीनों प्रारूपों को मिलाकर पहली बार किसी एक में चैंपियन बनी है। मार्करम और बावुमा ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण अफ्रीका की टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में उसने गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से शिकस्त दी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को तीनों संस्करण में एक नया चैंपियन मिला है। 2021 में पहले संस्करण में न्यूजीलैंड की टीम चैंपियन बनी थी, जबकि 2023 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने खिताब जीता था। अब दक्षिण अफ्रीका की टीम चैंपियन बनी है। यह दक्षिण अफ्रीकी टीम का दूसरा आईसीसी खिताब है। इससे पहले 1998 में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी (तब इसे नॉकआउट ट्रॉफी कहा जाता था) का खिताब जीता था। इस टीम ने 27 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया है। हालांकि, टीम तीनों प्रारूपों को मिलाकर पहली बार किसी एक में चैंपियन बनी है। 
विज्ञापन

दो आईसीसी ट्रॉफी के बीच 27 साल का अंतराल किसी भी टीम का दो आईसीसी खिताब के बीच सबसे लंबा अंतराल है। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड तोड़ा। वेस्टइंडीज ने 2004 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर 25 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया था। 1979 वनडे विश्व कप के बाद 2004 चैंपियंस ट्रॉफी वेस्टइंडीज की पहली आईसीसी ट्रॉफी थी। वहीं, इस लिस्ट में न्यूजीलैंड की टीम दूसरे और भारत तीसरे नंबर पर है। कीवियों ने साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद साल 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतकर 21 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को समाप्त किया था। वहीं, भारत ने 1983 वनडे विश्व कप जीतने के 19 साल बाद साल 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया था। हालांकि, तब टीम श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता रही थी।

आईसीसी टूर्नामेंट में दो खिताबों के बीच सबसे लंबा अंतराल
टीम अंतराल खिताब
दक्षिण अफ्रीक 27 साल 1998 चैंपियंस ट्रॉफी - WTC 2025
वेस्टइंडीज 25 साल वनडे विश्व कप 1979 - चैंपियंस ट्रॉफी 2004
न्यूज़ीलैंड 21 साल चैंपियंस ट्रॉफी 2000 - WTC 2021
भारत 19 साल वनडे विश्व कप 1983 - चैंपियंस ट्रॉफी 2002
पाकिस्तान 17 साल वनडे विश्व कप 1992 - टी20 विश्व कप 2009
श्रीलंका 12 साल चैंपियंस ट्रॉफी 2002 - टी20 विश्व कप 2014
ऑस्ट्रेलिया 12 साल वनडे विश्व कप 1987 - वनडे विश्व कप 1999
इंग्लैंड 9 साल टी20 विश्व कप 2010 - वनडे विश्व कप 2019

मैच में क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के चौथे दिन शनिवार को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका चौथी पारी में जीत के लिए 282 रन का लक्ष्य मिला था। टीम ने जब चौथे दिन का खेल शुरू किया तब उसका स्कोर दो विकेट पर 213 रन था और उसे जीत के लिए 69 रन की और जरूरत थी।

टीम ने 83.4 ओवर में पांच विकेट गंवा कर खिताब अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने 136 जबकि कप्तान तेम्बा बावुमा ने 66 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह तक ‘चोकर्स’ के तमगे को पीछे छोड़ते हुए 27 साल के लंबे अंतराल के बाद आईसीसी के किसी टूर्नामेंट का खिताब जीता। 
विज्ञापन

फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने ब्यू वेबस्टर और स्टीव स्मिथ की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 212 रन बनाए थे। इस दौरान कगिसो रबाडा ने कुल पांच विकेट हासिल किए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर समाप्त हो गई थी, जिससे ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 74 रन की बढ़त हासिल थी। कप्तान पैट कमिंस ने कुल छह विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में मिचेल स्टार्क की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 207 रन बनाए और 281 रनों की कुल बढ़त हासिल की। कंगारुओं के 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने चौथे दिन एडेन मार्करम की शतकीय और कप्तान तेम्बा बावुमा की अर्धशतकीय पारी के दम पर खिताब अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें