फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SA vs AUS: लॉर्ड्स में शतक लगाकर ब्रैडमैन-ग्रीनीज के क्लब में शामिल हुए मार्करम, लिस्ट में अगरकर इकलौते भारतीय

Sat, 14 Jun 2025 06:07 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

मार्करम का शतक किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में किसी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला शतक है। यह टेस्ट में उनका आठवां शतक रहा। मार्करम के शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका की टीम टेस्ट चैंपियन बन गई है। उसने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया।
विज्ञापन
मार्करम - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम (136 रन) की शतकीय पारी और तीसरे विकेट के लिए कप्तान तेम्बा बावुमा (66) के साथ 147 रन की साझेदारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका की टीम ने इतिहास रच दिया है। दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में गत वितेजा ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है।
विज्ञापन


शनिवार को दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट पर 213 रन से आगे खेलना शुरू किया और बावुमा, मार्करम और स्टब्स के विकेट गंवाए। 282 रन का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 'चोकर्स' के तमगे को पीछे छोड़ दिया है और 27 साल में अपना पहला आईसीसी खिताब जीत लिया है। लॉर्ड्स में शतक लगाने के साथ ही मार्करम ऑस्ट्रेलिया के महान सर डॉन ब्रैडमैन और वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनीज के खास क्लब में शामिल हो गए। अजीत अगरकर के रूप में इस क्लब में भारत का भी एक खिलाड़ी है। 

आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में किसी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज का पहला शतक
मार्करम का शतक किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में किसी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला शतक है। यह टेस्ट में उनका आठवां शतक रहा। मार्करम लॉर्ड्स में चौथी पारी में शतक लगाने वाले छठे बल्लेबाज (इंग्लैंड के बाहर के किसी बल्लेबाज द्वारा) बन गए। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के महान ब्रैडमैन ने इंग्लैंड के खिलाफ 1938 में, वेस्टइंडीज के रॉय फ्रेडरिक्स ने इंग्लैंड के खिलाफ 1976 में, वेस्टइंडीज के ही गॉर्डन ग्रीनीज ने इंग्लैंड के खिलाफ 1984 में, भारत के अजीत अगरकर ने इंग्लैंड के खिलाफ 2002 में और ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ 2009 में यह कमाल किया था।

लॉर्ड्स में टेस्ट मैच की चौथी पारी में मेहमान बल्लेबाज द्वारा लगाए गए शतक
खिलाड़ी स्कोर विपक्षी टीम साल
डॉन ब्रैडमैन 102* रन इंग्लैंड 1938
रॉय फ्रेडरिक्स 138 रन इंग्लैंड 1976
गॉर्डन ग्रीनिज 214* रन इंग्लैंड 1984
अजीत अगरकर 109* रन इंग्लैंड 2002
माइकल क्लार्क 136 रन इंग्लैंड 2009
एडेन मार्करम 136 रन ऑस्ट्रेलिया 2025

मार्करम - फोटो : ANI
किसी एक टेस्ट में शतक और विकेट लेने वाले चौथे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी
इसके अलावा उन्होंने एक कमाल और किया। वह इंग्लैंड में किसी एक टेस्ट मैच में शतक लगाने और विकेट लेने वाले चौथे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले ब्रूस मिचेल ने 1935 में ओवल टेस्ट में, ग्रीम पोलक ने 1965 में ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में और जैक कैलिस ने 1988 में ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में और 2012 में ओवल टेस्ट में यह कमाल किया था। वहीं, इंग्लैंड के बाहर के किसी खिलाड़ी ने पिछली बार यह कमाल (किसी एक टेस्ट में विकेट और शतक) 2009 में किया था। तब ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क ने ऐसा किया था। मार्करम के शतक से पहले किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में किसी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ पारी 61 रन की थी, जो  पूर्व कप्तान हैंसी क्रोनिए ने बनाए थे।

किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर
खिलाड़ी स्कोर जगह
एडेन मार्करम 136 रन लॉर्ड्स
तेम्बा बावुमा 66 रन लॉर्ड्स
हैंसी क्रोनिए 61 रन लॉर्ड्स
हेनरिच क्लासेन 52 रन लॉर्ड्स

लॉर्ड्स में एक टेस्ट में शून्य और शतक दर्ज करने वाले नौवें खिलाड़ी
मार्करम की बल्लेबाजी इसलिए भी खास रही, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका की टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की पहली पारी में 138 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी में मार्करम खाता भी नहीं खोल सके थे। मार्करम लॉर्ड्स में एक ही टेस्ट में शून्य और शतक दर्ज करने वाले नौवें बल्लेबाज बन गए। साल 1980 के बाद से वह ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले 2002 में माइकल वॉन ने भारत के खिलाफ और 2016 में मिस्बाह-उल-हक ने इंग्लैंड के खिलाफ ऐसा किया था।
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमबैक किंग हैं एडेन मार्करम
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में मार्करम को कमबैक किंग माना जाता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक खेले गए टेस्ट में चौथी पारी में वह मौजूदा पारी को मिलाकर दो शतक लगा चुके हैं। इससे पहले उन्होंने सात साल पहले 2018 में डरबन में कंगारुओं के खिलाफ चौथी पारी में 143 रन बनाए थे। मार्करम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट की चौथी पारी में दो या इससे ज्यादा शतक लगाने वाले ग्रीम स्मिथ के बाद दूसरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में तीन बार लक्ष्य का पीछा किया है और इस दौरान तीन पारियों में उन्होंने करीब 100 की औसत से 300 रन बनाए हैं। इनमें दो शतक हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें