भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले चोटों से जूझ रही है। टीम इंडिया के कई अनुभवी खिलाड़ी अनफिट हैं। जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के बाद केएल राहुल भी खिताबी मुकाबले से बाहर हो चुके हैं। राहुल आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ चोटिल हुए थे। उसके बाद उन्होंने खुद को आईपीएल के बाकी मुकाबलों और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से बाहर कर लिया। भारतीय टीम प्रबंधन को राहुल के रिप्लेसमेंट की तलाश है।
फाइनल मुकाबले में राहुल की कमी टीम इंडिया को खलेगी। उन्होंने इंग्लैंड में पिछली टेस्ट सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी की थी। वह टीम के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। राहुल ने 315 रन बनाए थे। हम आपको उन खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं जो राहुल की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं...
मयंक अग्रवाल
मयंक अग्रवाल
- फोटो : सोशल मीडिया
दाएं हाथ का यह ओपनर बल्लेबाज भारतीय टीम के लिए पिछली बार मार्च 2022 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उसके बाद मंयक को इंग्लैंड, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में नहीं चुना गया था। मयंक आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे हैं। उनका फॉर्म इस सीजन में अच्छा नहीं रहा है। मयंक ने नौ मैच की नौ पारियों में 187 रन बनाए हैं। हालांकि, मयंक ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में जमकर रन बनाए थे। उन्होंने 13 पारियों में 82.50 की औसत से 990 रन बनाए थे। इस दौरान तीन शतक और छह अर्धशतक जड़े थे।
मयंक के पास 21 टेस्ट का अनुभव है। वह राहुल की गैरमौजूदगी में मध्य या शीर्ष क्रम में भारत के लिए फिट हो सकते हैं। 32 वर्षीय इस खिलाड़ी के पास पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क की ऑस्ट्रेलियाई तिकड़ी का सामना करने का अनुभव है। उन्होंने 2018 में ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू किया था और दो मैचों में दो बार 70 से ज्यादा रन बनाए थे। मयंक जानते हैं कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी का सामना कैसे करना है। ऐसे में वह टीम इंडिया के काम आ सकते हैं।
सरफराज खान
सरफराज खान
- फोटो : सोशल मीडिया।
मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान लंबे समय से टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहे हैं, लेकिन अब तक भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। रणजी ट्रॉफी 2022-23 में नौ पारियों में सरफराज ने 92.66 की औसत से 556 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल है। 25 वर्षीय इस खिलाड़ी ने 2019 से रणजी ट्रॉफी में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने 123.3 के औसत से 2466 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और पांच अर्द्धशतक शामिल हैं। यह सही समय है कि चयनकर्ता सरफराज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत साबित करने का मौका दें।
अभिमन्यु ईश्वरन
अभिमन्यु ईश्वरन
- फोटो : सोशल मीडिया
27 वर्षीय अभिमन्यु ईश्वरन को दिसंबर 2022 में बांग्लादेश में होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। हालांकि, उन्हें दोनों में से किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। रणजी ट्रॉफी 2022-23 में बंगाल के बल्लेबाज ने 14 पारियों में 66.50 की औसत से 798 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे। ईश्वरन लंबे समय से चयनकर्ताओं के रडार पर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन ने उनके फिर से टीम में चुने जाने की संभावनाओं को और बढ़ा दिया है।
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : सोशल मीडिया
सूर्यकुमार यादव को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। उन्हें एक टेस्ट में खेलने का भी मौका मिला था, लेकिन वह अपनी छाप नहीं छोड़ सके थे। सूर्यकुमार आठ रन ही बना सके थे। इसके बाद वह वनडे सीरीज में आउट ऑफ फॉर्म थे। हालांकि, आईपीएल से उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली है। सूर्यकुमार ओवल में होने वाले फाइनल में मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा सकते हैं।
ईशान किशन
ईशान किशन
- फोटो : सोशल मीडिया
तेजी से बल्लेबाजी करने की क्षमता और विकेटकीपिंग के कारण ईशान किशन को राहुल की जगह चुना जा सकता है। टीम इंडिया में फिलहाल एक ही विकेटकीपर केएस भरत हैं। राहुल भी कीपिंग कर लेते हैं, लेकिन अभी वह टीम में नहीं हैं। ऐसे में ईशान को अतिरिक्त विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर चुना जा सकता है।किशन के पास प्रथम श्रेणी क्रिकेट का भरपूर अनुभव है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 48 प्रथम श्रेणी मैचों में 38.76 की औसत से 2985 रन बनाए हैं। किशन अभी तक टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें चुना गया था, लेकिन वह प्लेइंग-11 में शामिल नहीं हो पाए थे।