बंगाल के विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। साहा ने रणजी ट्रॉफी के एक मैच में 10 कैच लेने का कारनामा किया। हालांकि, ग्रुप डी के इस मैच में बंगाल की टीम हिमाचल के खिलाफ आउटराइट जीत दर्ज करने में सफल नहीं हुई।
टीम इंडिया के विकेटकीपर साहा ने हिमाचल प्रदेश की दोनों पारियों में मोहम्मद शमी और अशोक डिंडा की गेंदों पर पांच-पांच कैच लपके। इसके अलावा बंगाल को जीत के लिए 141 रन की दरकार थी, जिसके लिए साहा ने ओपनिंग भी की। मगर उनके 34* रन के बावजूद टीम जीत दर्ज करने में नाकाम रही।
बंगाल को उम्मीद है कि उन्हें रणजी ट्रॉफी में विदर्भ के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले में भी साहा की सेवाएं मिल सकेंगी। साहा की उपलब्धता पर संदेह है क्योंकि भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट ईडन गार्डन्स पर 16 नवंबर से शुरू होगा।
हालांकि, सीनियर चयनकर्ता अनूप भट्टाचार्य ने कहा कि बीसीसीआई ने मोहम्मद शमी और साहा को अगला मैच खेलने की अनुमति दे दी है। हालांकि, विकेटकीपर ने खुद कहा है कि उन्हें बोर्ड की तरफ से अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।
साहा ने शनिवार को रणजी ट्रॉफी का मैच खत्म होने के बाद कहा, 'मुझे बोर्ड की तरफ से अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। मैं बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार ही काम करूंगा।'