महिला टी20 विश्व कप शुरू होने के तीन दिन बाद मेगा ऑक्शन का आयोजन होगा। वहीं, यह टूर्नामेंट खत्म होने के आठ दिन बाद महिला आईपीएल की शुरुआत होगी। बीसीसीआई ने 16 जनवरी को बताया था कि विमेंस प्रीमियर लीग के मीडिया अधिकार 951 करोड़ रुपये में वायकॉम 18 ने खरीदे हैं। यह ग्रुप 2023-2027 तक इस लीग के मैचों का प्रसारण करेगा। वहीं, 25 जनवरी ने को बीसीसीआई ने इस लीग की पांच फ्रेंचाइजी कुल 4669.99 करोड़ रुपये में बेंची थी।
केवल एक एलिमिनेटर मैच
महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत चार मार्च से होगी। पहला मैच मुंबई और अहमदाबाद के बीच होगा। इस लीग का पहला सीजन कुल 23 दिन चलेगा। फाइनल मुकाबला 26 मार्च को खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो पांच में से तीन टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर मैच खेलेंगी। यहां जीतने वाली टीम फाइनल में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी।
अंक तालिका में चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाली टीमों का सफर लीग स्टेज में ही खत्म हो जाएगा। इस लीग में कुल 22 मैच होंगे। 23 दिन तक चलने वाले टूर्नामेंट में पांच दिन ऐसे होंगे, जब कोई मैच नहीं होगा। 17 मार्च, 19 मार्च, 22 मार्च, 23 मार्च और 25 मार्च को कोई मैच नहीं होगा। 21 मार्च को लीग स्टेज खत्म होगा। इसके बाद 24 मार्च को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा और 26 मार्च को खिताबी मुकाबला होगा।