आईपीएल-6 में लगातार 6 हार के बाद मिली पहली जीत के हीरो सहवाग 'ब्लफ' (दिखावा) करते हैं। ऐसा खुद सहवाग ने दिल्ली की 9 विकेट से जीत के बाद माना है।
अपनी नाबाद 95 रन की विस्फोटक पारी से दिल्ली को मुम्बई इंडियंस के खिलाफ शानदार जीत दिलाने वाले सहवाग ने कहा कि उन्हें सर विवियन रिचर्ड्स की सलाह से मदद मिली।
सहवाग ने मैच के बाद कहा कि रिचर्ड्स ने कहा था कि यदि बल्लेबाज अपने अंदर कहीं डर महसूस कर रहा हो तो भी उसे यह दिखाना चाहिए कि वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है।
इस सीजन में पहली बार लय में नजर आए वीरू ने कहा कि आप कह सकते हैं कि हवा दिल्ली की तरफ चल रही थी। हमने अपने अभ्यास पर कडी मेहनत की थी और फिटनेस पर पूरा ध्यान दिया था।
जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था, 'मैंने मैच पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की'।
रिचर्ड्स एक सलाहकार के रूप में दिल्ली के साथ जुडे़ हैं और उनके आने के बाद ही दिल्ली ने पहली जीत का स्वाद चखा। दिल्ली ने इससे पहले लगातार छह मैच हारे थे।
कप्तान माहेला जयवर्धने ने वीरू की पारी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उनमे अपनी पारी को लेकर जुनून था। वह अपनी टीम को हर हाल में जिताना चाहते थे।
वीरू ने मुझ पर से दबाव हटा दिया था जिससे मुझे अपने शॉट खेलने में मदद मिली।