महिला विश्व कप के दूसरे दिन तीन बेहतरीन कैच पकड़े गए
- फोटो : सोशल मीडिया
महिला विश्व कप 2022 की शुरुआत हो चुकी है और टूर्नामेंट के दूसरे दिन कई शानदार कैच देखने को मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश की खिलाड़ियों ने अपनी शानदार फील्डिंग से सभी को प्रभावित किया है। बांग्लादेश की फरगना ने पहले डीप मिडविकेट में डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा। इसके बाद दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया की जॉनसन ने अपनी ही गेंद पर बेहतरीन कैच पकड़कप ब्रंट को पवेलियन भेजा। वहीं बेन मूनी ने मैच की आखिरी गेंद पर कैच पकड़कर सोफी को आउट किया।
इसके अलावा की कई खिलाड़ियों ने अच्छे कैच पकड़े। यहां हम दिन के तीन सबसे बेहतरीन कैच के बारे में बता रहे हैं।
बांग्लादेश की फरगना की शानदार डाइव
दिन के पहले मैच में बांग्लादेश की फरगना ने कप्प का अहम कैच पकड़कर दक्षिण अफ्रीका को छोटे स्कोर पर रोकने में अहम योगदान दिया। कप्प 42 रन बनाकर खेल रही थीं और अफ्रीका की पारी को आगे बढ़ा रही थीं। उन्होंने तेजी से रन बनाने के प्रयास में बड़ा शॉट खेला, लेकिन गेंद ठीक से बल्ले पर नहीं आई और हवा में चली गई। मिडविकेट पर खड़ी फरगान तेजी से दौड़ते हुए आगे आईं और बेहतरीन डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया। इसी वजह से अफ्रीकी टीम 207 रन पर सिमट गई।
जॉनसन का शानदार कैच
ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाज जॉनसन ने अपनी ही गेंद पर कमाल की चुस्ती दिखाते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा। इंग्लैंड की बल्लेबाज ब्रंट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रही थीं और आखिरी ओवर में मैच इंग्लैंड के पक्ष में जा सकता था। ओवर की दूसरी गेंद पर ब्रंट ने सामने की तरफ जोरदार शॉट मारा जो सीधे गेंदबाज की तरफ गया और जॉनसन ने अपने बाएं हाथ से शानदार कैच पकड़कर उन्हें आउट कर दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड के मैच जीतने की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
बेन मूनी का कमाल
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मैच की आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बेन मूनी ने शानदार कैच पकड़ा। आखिरी गेंद पर इंग्लैंड को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे और इस कैच से मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन लॉग ऑन पर उनका यह कैच बेहद शानदार था। जॉनसन की गेंद पर सोफी ने आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेला और गेंद बाउंड्री लाइन की तरफ जा रही थी। ऐसे में मूनी ने पीछे भागते हुए बाउंड्री के पास बेहतरीन कैच पकड़ा और सोफी को आउट कर दिया। इसी के साथ यह मैच भी खत्म हो गया।