मिताली का मानना है कि महिला क्रिकेट में सबसे बड़ा बदलाव यह आया है कि महिला खिलाड़ी भी अब युवा खिलाड़ियों के लिए आदर्श बनकर उभर रही हैं। मिताली ने 1999 में जब खेलना शुरू किया था तब महिला क्रिकेट अधिक लोकप्रिय नहीं था, जबकि शुक्रवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच के लिए स्टेडियम के खचाखच भरा होने की उम्मीद है।
भारत इस इस पूर्व कप्तान ने कहा, 'हमारे दिनों में, प्रेरणा के लिए सिर्फ पुरुष खिलाड़ी होते थे क्योंकि हमें टेलिविजन पर उन्हें ही खेलते हुए देखने को मिलता था। आज एक युवा लड़की महिला क्रिकेटर को आदर्श बना सकती है और मुझे लगता है कि यह सबसे बड़ा बदलाव है जो मैंने देखा है।'
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने गुरूवार को कहा कि उनकी टीम को टी-20 विश्व कप में एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर रहने की बजाय एक टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारत अब तक छह बार हुए इस टूर्नमेंट में फाइनल तक नहीं पहुंच सका है। दो साल पहले भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
हरमनप्रीत ने कहा, 'एक टीम के रूप में अच्छा खेलने के लिए आपको तालमेल में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। पिछले टूर्नमेंटों से हमने सीखा है कि एक या दो खिलाड़ियों पर ही जीत के लिए निर्भर नहीं रहा जा सकता।'