कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शुक्रवार को कहा कि उनकी टीम आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप के अंतिम लीग मैच में श्रीलंका को गंभीरता से लेगी और उसके बाद ही सेमीफाइनल पर ध्यान देगी।
भारत लगातार तीन जीत दर्ज करके पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है। हरमनप्रीत ने कहा, ‘मैं जानती हूं कि हमने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है लेकिन तब भी अगला मैच हमारे लिए अहम है। हम श्रीलंका को गंभीरता से लेंगे।’
बल्लेबाजी में भारत अभी तक 16 वर्षीय शेफाली वर्मा पर निर्भर रहा है लेकिन मध्यक्रम की नाकामी भारत को मुश्किल में डाल सकती है। हरमनप्रीत और वेदा कृष्णमूर्ति जैसी बल्लेबाजों को अब जिम्मेदारी लेनी होगी। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना भी अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाई हैं।