महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो चुका है। आज टूर्नामेंट का दूसरा दिन है। शुक्रवार को खेले गए उद्घाटन मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रनों से हराया था। दूसरे दिन टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में स्कॉटलैंड और आयरलैंड के बीच खेला गया, जिसमें स्कॉटलैंड ने 40 रनों से जीत दर्ज की। अब तीसरा मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।
स्कॉटलैंड ने दर्ज की विश्व कप इतिहास की पहली जीत
स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाए। टीम की जीत की नींव कप्तान कैथरीन ब्राइस और उनकी बहन सारा ब्राइस ने रखी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की। कैथरीन ब्राइस ने 39 गेंदों में 60 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि सारा ब्राइस 49 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गईं। आयरलैंड की ओर से एवा कैनिंग ने तीन विकेट लिए।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 19.2 ओवर में 121 रन पर ऑलआउट हो गई। एमी हंटर ने 39 और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने 33 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। स्कॉटलैंड की ओर से किर्स्टी गॉर्डन और कैथरीन फ्रेजर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। कप्तान कैथरीन ब्राइस ने भी दो विकेट हासिल किए। इस मैच को स्कॉटलैंड ने 40 रनों से जीता। महिला टी20 विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज कर स्कॉटलैंड ने इतिहास रच दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराया
छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हरा दिया। एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 172/8 रन बनाए। टीम की ओर से फीबी लिचफील्ड ने 24 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि एलिस पेरी ने 36 और जॉर्जिया वेयरहम ने 32 रन का योगदान दिया।
173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही और उसने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। कप्तान एल. वोल्वार्ड्ट ने 44 रन और नादिन डी क्लर्क ने 25 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 16.4 ओवर में 107 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जॉर्जिया वेयरहम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए, जबकि सोफी मोलिन्यूक्स और अलाना किंग ने दो-दो विकेट चटकाए। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को हराया
महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज महिला टीम ने न्यूजीलैंड को रोमांचक मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने एक गेंद शेष रहते जीत हासिल की। इस जीत की नायिका शेमेन कैंपबेल रहीं, जिन्होंने नाबाद 90 रन की शानदार पारी खेली। अपनी टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वोच्च पारी के दौरान उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। ब्रूक हैलिडे ने 40 रन और मैडी ग्रीन ने नाबाद 35 रन की उपयोगी पारी खेली। वेस्टइंडीज की ओर से आलियाह एलेन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। जवाब में कैंपबेल की संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की और 2024 महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया।