यास्तिका भाटिया, राधा यादव और तनुजा कंवर के अर्धशतकों की मदद से भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए को दो विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ए ने एक गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत-ए महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया-ए से टी20 सीरीज में मिली हार का बदला भी ले लिया। ऑस्ट्रेलिया-ए ने टी20 सीरीज में भारत ए को 3-0 से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 265 रन बनाए। कप्तान एलिसा हीली ने 87 गेंद में 91 रन की पारी खेली। भारत ने सात विकेट 193 रन पर ही गंवा दिए थे। यास्तिका ने 71 गेंद में 66 और राधा ने 78 गेंद में 60 रन बनाए। इसके बाद स्पिन ऑलराउंडर तनुजा ने 57 गेंद में 50 रन की पारी खेलकर भारत को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने आठवें विकेट के लिए प्रेमा रावत (नाबाद 32) के साथ 68 रन की साझेदारी की ।
तनुजा के आउट होने के बाद प्रेमा और तितास साधू ने चुनौती का डटकर सामना किया। भारत ए को आखिरी ओवर में पांच रन चाहिए थे, जो इन दोनों ने बना डाले। भारत ए ने बुधवार को पहला वनडे तीन विकेट से जीता था। शेफाली वर्मा (4) और धारा गुज्जर (0) के जल्दी आउट होने के बाद यास्तिका ने भारत की पारी को संभाला। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए और संयम तथा सूझबूझ के साथ खेलकर भारत को संकट से निकाला। वह 29वें ओवर में आउट हुई जब भारत का स्कोर पांच विकेट पर 151 रन था।
यास्तिका और राधा ने पांचवें विकेट के लिए 68 रन जोड़े। राधा 39वें ओवर में आउट हुई तब स्कोर सात विकेट पर 193 रन था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया-ए के लिए हीली ने 91 रन की पारी में आठ चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होंने रचेल ट्रेनामैन (24) के साथ दूसरे विकेट के लिये 58 रन की साझेदारी की। इसके बाद हालांकि उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका।