महिला बिग बैश लीग में स्मृति मंधाना ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 114 रनों का पारी खेली, जो कि इस लीग का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उनसे पहले एशले गार्डनर ने भी बिग बैश में 114 रनों की पारी खेली थी। स्मृति बिग बैश लीग में शतक लगाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज भी हैं। उनके अलावा हरमनप्रीत कौर ने भी इस मैच में अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि स्मृति शतक के बावजूद अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। मंधाना की टीम यह मैच चार रनों से हार गई।
इस मैच में कुल 346 रन बने और इनमें से 195 रन इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने बनाए और दोनों ही इस मैच में आउट नहीं हुई। मेलबर्न के लिए खेलने वाली हरमनप्रीत ने 55 गेंद में नाबाद 81 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत सिडनी के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा गया। इसके जवाब में सिडनी की टीम 171 रन ही बना सकी और यह मैच चार रनों से हार गई। उनके लिए स्मृति मंधाना ने 64 गेंद में 114 रन बनाए, लेकिन कोई भी दूसरी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सकी।
बल्ले के साथ कमाल की पारी खेलने के बाद हरमनप्रीत ने गेंद के साथ भी कमाल किया और आखिरी ओवर में आसानी से 13 रन बचाए। उन्होंने मैच के आखिरी ओवर में सिर्फ आठ रन दिए और अपनी टीम को मैच जिता दिया।
जेमिमाह का खराब प्रदर्शन
मेलबर्न के लिए पारी की शुरुआत करने वाली जेमिमाह रोड्रिक्स सिर्फ चार गेंद खेलकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कार्ली लेसन भी सात रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद इवलिन जोन्स के साथ मिलकर हरमनप्रीत ने पारी को संभाला और बाद में जेस डफिन ने उनका साथ निभाया। इन तीन बल्लेबाजों के अच्छे योगदान की बदौलत मेलबर्न ने 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 175 रन बनाए। सिडनी की समंथा बेट्स ने दो और वॉन्ग ने एक विकेट लिया।
ताहिला विलसन की धीमी पारी ने हराया
सिडनी के लिए स्मृति मंधाना ने अपने दम पर मैच पलट दिया था और उनकी जीत तय लग रही थी, लेकिन ताहिला की धीमी पारी दोनों टीमों के बीच हार और जीत का अंतर बनी। स्मृति ने जहां 34 गेंद में 114 रनों की नाबाद पारी खेली तो वहीं विलसन ने 39 गेंद में सिर्फ 38 रन बनाए। इसी वजह से अंत में सिडनी को चार रनों से हार का सामना करना पड़ा। मेलबर्न के लिए हरमनप्रीत और रिहान ने एक-एक विकेट लिया। एक और भारतीय खिलाड़ी दीप्ती शर्मा ने भी सिडनी के लिए यह मैच खेला, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर पाई। उन्होंने दो ओवर में 17 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
मेलबर्न अंकतालिका में पहले स्थान पर
इस जीत के साथ मेलबर्न की टीम अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। इस टीम ने 12 में से आठ मैच जीते हैं और उसके 18 अंक हैं। 12 मैचों में 16 अंक के साथ पर्थ की टीम दूसरे स्थान पर है। इस सीजन में मेलबर्न का पहले स्थान पर बने रहना लगभग तय है। यह टीम पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। वहीं सिडनी ने 12 में से सिर्फ तीन मैच जीते हैं और आठ अंक के साथ सातवें पायदान पर है। सिडनी पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।