भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी-20 मैच की सीरीज शुरू होने से पहले केन विलियमसन ने भारतीय टीम की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ खेलना इस खेल की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। हालांकि विलियमसन इस टी-20 सीरीज में नहीं खेल रहे हैं, उनकी जगह टिम साउदी पहले मैच में कप्तानी करेंगे और आने वाले मैचों में उन्हें भी आराम दिया जा सकता है। इससे पहले टी-20 वर्ल्डकप में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को आसानी से हराया था।
न्यूजीलैंड के ट्विटर हैंडल पर शेयर किए गए एक वीडियो में विलियमसन ने कहा "जब आप भारत के खिलाफ खेलते हैं तो यह इस खेल की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होता है। हर फॉर्मेट में उनके पास जो गहराई है और हर खिलाड़ी के अंदर जो क्वालिटी है, वह अविश्वनीय है और इसी वजह से विश्व क्रिकेट में उनका दबदबा है।"
विलियमसन ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए खुद को तैयार करने के लिए टी-20 सीरीज न खेलने का फैसला किया है। यह टेस्ट सीरीज 25 नवंबर से कानपुर में शुरू होगा।
जेमिसन भी टी-20 सीरीज से हटे
विलियमसन के बाद तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने भी टी-20 सीरीज न खेलने का फैसला किया है। वो भी टेस्ट टीम के साथ तैयारी करेंगे। वहीं लोकी फर्ग्यूसन अपनी चोट से उबर चुके हैं और वो पहले टी-20 मैच के लिए फिट हैं। टीम के कोच गैरी स्टेड ने यह जानकारी दी है। इस सीरीज में टिम साउदी न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे और आने वाले मैचों में उनके साथ डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स और मिशेल सैंटनर को भी आराम दिया जाएगा। ये सभी खिलाड़ी टी-20 और टेस्ट दोनों टीमों में शामिल हैं।