फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ICC के एक नियम से इंग्लैंड के पुरुष बने विश्व चैंपियन तो महिलाएं हो गईं बाहर 

Fri, 06 Mar 2020 07:58 AM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
भारतीय महिला बनाम इंग्लैंड क्रिकेट टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

आईसीसी के एक नियम के पेच में उलझकर इंग्लैंड की महिला टीम टी-20 विश्व से बाहर हो गई तो वहीं पुरुष टीम वैश्विक संस्था के एक नियम से पहली बार विश्व चैंपियन बन गई थी। आईसीसी ने सेमीफाइनल के लिए रिजर्व-डे नहीं रखा था। अगर रिजर्व डे होता तो शायद इंग्लैंड जीता जो अभी तक पांच विश्व कप मुकाबलों में कभी भारत से हारा नहीं था। 

विज्ञापन

 

बाउंड्री काउंट नियम से इंग्लैंड बनी थी विश्व विजेता

पिछले साल जुलाई में हुए वनडे विश्व कप में इंग्लैंड की पुरुष टीम आईसीसी के बाउंड्री काउंट नियम के कारण विश्व विजेता बनी थी। फाइनल और सुपर ओवर टाई होने के बाद इंग्लैंड को इस नियम के तहत विजेता घोषित किया गया था। हालांकि  इसकी काफी आलोचना हुई थी। इसके बाद आईसीसी ने इस नियम को बदल दिया। अब सेमीफाइनल और फाइनल में नतीजा निकलने तक सुपर ओवर जारी रहेगा।

दो दिन के सेमीफाइनल में हारा था भारत 

इंग्लैंड में पिछले साल ही टीम इंडिया को दो दिन तक चले वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। बारिश के चलते आधा खेल दूसरे दिन हुआ था। भारतीय टीम का पलड़ा भारी था लेकिन उसे न्यूजीलैंड के हाथों 18 रन से हार मिली थी। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में मैदान में न्यूजीलैंड ने आठ विकेट पर 239 रन बनाए थे। बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा था। भारत को दूसरे दिन 240 रन बनाने थे पर विराट कोहली की टीम तीन गेंद शेष रहते 221 रन पर लुढ़क गई।  

अब उठने लगी है रिजर्व डे की मांग

इंग्लैंड के बाहर होने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया ने बारिश के आशंका के मद्देनजर आईसीसी से रिजर्व डे का अनुरोध किया था। इसे टूर्नामेंट लंबा खिंचने का हवाला देकर उसने ठुकरा दिया था। महिला विश्व कप में शायद यह पहला मौका है जब कोई टीम बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंचकर बाहर हो गई।

क्या जल्दी रद्द कर दिया मैच 

मैच रद्द करने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं किया जा सकता था। क्योंकि इसी मैदान पर ही ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका के  बीच दूसरा सेमीफाइनल होना था। ऐसे में अगर पहले मैच को रद्द करने में देरी होती तो दूसरे मैच के ब्रॉडकास्ट और बाकी इंतजाम करने में परेशानी आती। इसके अलावा आईसीसी के टी-20 नियम के अनुसार मैच पूरा होने के लिए न्यूनतम 20 ओवर का खेल होना जरूरी है। इसका मतलब दोनों टीमों को 10 ओवर खेलने केलिए पर्याप्त समय देना होता। अगर ऐसा होता तो दूसरे सेमीफाइनल पर इसका असर पड़ता।
विज्ञापन

सिर्फ फाइनल के लिए है रिजर्व डे का प्रावधान 

महिला और पुरुष टी-20 विश्व कप में रिजर्व डे के नियम एक जैसे हैं। टूर्नामेंट को छोटा रखने के लिए दोनों में ही सिर्फ फाइनल के लिए इसका प्रावधान है। इस विवाद के बाद पुरुष टी-20 विश्व कप में इस नियम को बदलने का दबाव होगा। हालांकि इस बार पुरुषों के दोनों सेमीफाइनल अलग-अलग दिन होंगे। ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 11 नवंबर (सिडनी) और दूसरा नवंबर 12 (एडिलेड) को होगा। 15 नवंबर को मेलबर्न में फाइनल होगा। ऐसे में बारिश या किसी और वजह से अगर सेमीफाइनल रद्द करने की नौबत आती है तो आईसीसी के पास इन मुकाबलों को कराने के लिए अतिरिक्त समय होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें