अंतिम ओवर में राधा यादव (2/30) की बेहतरीन गेंदबाजी से सुपरनोवाज ने ट्रेलब्लेजर्स को दो रन से हराकर महिला टी-20 चैलेंज के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दो बार की चैंपियन सुपरनोवाज का यह लगातार तीसरा फाइनल है। सोमवार को खिताबी मुकाबला भी इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा। तीनों टीमों के एक समान दो-दो अंक थे लेकिन सुपरनोवाज (-0.054) और ट्रेलब्लेजर्स (+2.109) के मुकाबले वेलोसिटी (1.869) नेट रनरेट में पिछड़ गई।
सुपरनोवाज ने श्रीलंका की अटापट्टू (67) की मदद से छह विकेट पर 146 रन बनाए। ट्रेलब्लेजर्स कप्तान स्मृति मंधाना (33), दीप्ति शर्मा (नाबाद 43) और हरलीन (27) की पारियों के बावजूद 5 विकेट पर 144 ही बना पाई। अंतिम ओवर में ट्रेलब्लेजर्स को दस रन चाहिए थे, गेंद बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव के हाथ में थी। पहली चार गेंदों पर छह रन आ गए थे। पांचवीं गेंद पर हरलीन आउट हो गईं। जब अंतिम गेंद पर चार रन की जरूरत थी तब राधा ने एक रन ही दिया।
अटापट्ट का शानदार अर्द्धशतक :
इससे पहले सुपरनोवाज के लिए अटापट्टू ने 47 गेंद में 67 रन बनाए जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 29 गेंद में 31 रन की पारी खेली। प्रिया पुनिया (30) और अटापट्टू के बीच पहले विकेट पर 89 रन की साझेदारी हुई। अटापट्टू ने अपना अर्द्धशतक 37 गेंद में पूरा किया । वह 17वें ओवर में हरलीन की गेंद पर हेमलता को कैच देकर पवेलियन लौटीं। हरमनप्रीत ने 19वें ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाकर 15 रन निकाले और टीम को 140 रन के पार पहुंचाया। सुपरनोवाज की पारी में तीन बल्लेबाज रन आउट हुईं।