21 फरवरी से शुरू हो रहे महिला टी-20 विश्व कप के लिए ICC ने अंपायर्स के नामों का एलान कर दिया है। इस सूची में नितिन मेनन एकमात्र भारतीय अंपायर हैं। ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छह महिलाएं मैच अधिकारी के रूप में सेवाएं देंगी। भारत की जीएस लक्ष्मी ICC इवेंट में मेच रेफरी बनने वालीं पहली भारतीय महिला होंगी। लॉरेन एजेनबाग, किम कॉटन, क्लेयर पोलोसाक, सू रेडफरन और जैकलीन विलियम्स आठ टीमों के टूर्नामेंट में महिला अंपायर होंगी।
21 फरवरी को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाई-प्रोफाइल मैच में वेस्टइंडीज की जैकलीन विलियम्स शॉन जॉर्ज के साथ अंपायरिंग करेंगे। पिछले साल पुरूषों के वन-डे मैच में पहली महिला अंपायर बनी पोलोसाक और नितिन मेनन पूर्व चैम्पियन वेस्टइंडीज और पहली बार खेल रहे थाईलैंड के बीच 22 फरवरी को होने वाले मैच में अंपायरिंग करेंगे। लक्ष्मी इस मैच में रेफरी होंगी जो दो महीने पहले पुरूषों के वनडे में पहली महिला मैच रैफरी बनी थी।
यह पहला मौका है जब आईसीसी के किसी टूर्नामेंट में एक साथ इतने सारे महिला मैच अधिकारी होंगे। टूर्नामेंट में आईसीसी मैच रैफरियों की पैनल के सदस्य क्रिस ब्रॉड सबसे सीनियर मैच अधिकारी होंगे। अन्य अंपायरों में ग्रेगरी ब्रेथवेट, क्रिस ब्राउन, एहसान रजा, लैंगटोन रूसेरे और एलेक्स वार्फ शामिल है।
ICC महिला टी-20 विश्व कप के लिए मैच अधिकारियों की सूची: मैच रैफरी- स्टीव बर्नार्ड, क्रिस ब्रॉड और जीएस लक्ष्मी
अंपायर: लौरेन एजेनबैग, ग्रेगरी ब्रेथवेट, क्रिस ब्राउन, किम काटन, शॉन जार्ज, नितिन मेनन, क्लेयर पोलोसाक, अहसान रजा, सू रेडफर्न, लैंगटन रूसेरे, एलेक्स वार्फ, जैकलीन विलियम्स।