महिला क्रिकेट को बड़े पैमाने पर देश में फैलाने और नए खिलाड़ियों को मौका देने के लिए इस साल महिलाओं के आईपीएल में बड़ा बदलाव किया जाएगा। महिला टी-20 चैलेंज के तीसरे संस्करण के आयोजन का जिम्मा जहां एक बार फिर से राजस्थान के जयपुर को दिया गया है, वहीं इस बार के सीजन में एक नई टीम को भी जोड़ा जाएगा।
शनिवार को बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक बयान में कहा, "महिलाओं के खेल को विकसित करने की अपनी मौजूदा प्रतिबद्धता के तहत, बीसीसीआई महिला टी-20 चैलेंज की घोषणा करके खुश है।”
शाह ने आगे कहा, इस साल एक नई टीम टूर्नामेंट से जुड़ेगी और इस बार के सीजन में दुनियाभर की स्टार महिला क्रिकेटर भी भाग लेंगी। वहीं तीसरे सीजन में कुल सात मैच खेले जाएंगे जिसका आयोजन सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल के प्ले-ऑफ हफ्ते के दौरान किया जाएगा।
महिलाओं के आईपीएल का पहला सीजन दो टीमों के बीच खेला गया था, उसके बाद 2019 में तीन टीमों ने हिस्सा लिया और अब इस साल चार टीमों के बीच मुकाबला होगा।
बता दें कि पुरुषों के आईपीएल का 13वां सीजन 29 मार्च से शुरू होगा, जिसका पहला मुकाबला मुंबई और चेन्नई के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।