भारत की महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रमेश पवार का अनुबंध खत्म हो चुका है। इसके बाद एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। हाल ही में हुए विश्व कप में भारत की महिला टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। पिछले विश्व कप में फाइनल तक पहुंचने वाली भारतीय टीम इस बार सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना पाई। इसके बाद पवार की जगह किसी और को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।
रमेश पवार को दूसरी बार महिला क्रिकेट टीम का कोच बनने के लिए फिर से आवेदन करना होगा। पवार को रमन की जगह भारत की महिला क्रिकेट टीम का कोच बनाया गया था। रमन के कोच रहते महिला टीम 2020 में टी-20 विश्व कप के फाइनल में भी पहुंची थी।
मिताली और झूलन का विकल्प खोजना बड़ी चुनौती
भारतीय टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। मिताली राज और झूलन गोस्वामी भारत के लिए अगला विश्व कप नहीं खेल पाएंगी। ऐसे में जरूरी है कि दोनों खिलाड़ियों के विकल्प खोजे जाएं। भारत के पास कई युवा बल्लेबाज हैं, जो मध्यक्रम में खेल सकते हैं और मिताली की जगह ले सकते हैं, लेकिन जूलन गोस्वामी का विकल्प खोजना बहुत मुश्किल होगा। फिलहाल पूजा वस्त्राकर से सभी को काफी उम्मीदें हैं।