शिमरॉन हेटमेयर ने विंडीज पारी को संभालने की कोशिश की, उन्होंने कप्तान होल्डर के साथ मिलकर 45 रन की साझेदारी की, लेकिन एक खराब शॉट और शमी की अंदर आती गेंद उनके विकेट उड़ा दिए। हेटमेयर 34 रन बनाकर पवेलियन लैट गए।
28वें ओवर में कप्तान विराट कोहली ने बुमराह को एक बार फिर से गेंद थमाई और बुमराह ने पहली ही गेंद पर पारी को संभालने की कोशिश में जुटे विंडीज कप्तान जेसन होल्डर को पवेलियन लैटाकर भारत को एक और बड़ी सफलता दिलाई। होल्डर 18 रन बनाकर बुमराह के छठे शिकार बने। कूल मिलाकर वेस्टइंडीज की टीम भारतीय टीम से 329 रन पीछे है।
विहारी-इशांत का कमाल
टीम इंडिया ने शनिवार को मैच के दूसरे दिन पांच विकेट के नुकसान पर 264 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। मगर होल्डर की एक बेहतरीन गेंद पर ऋषभ पंत गच्चा खा बैठे और क्लीन बोल्ड हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने 27 रन बनाए। इसके बाद क्रीज पर आए रवींद्र जडेजा ने हनुमा विहारी का साथ निभाने की पूरी कोशिश की। दोनों के बीच धीमी लेकिन ठोक 38 रन की साझेदारी हुई।
इस बीच हनुमा विहारी ने अपने करियर का तीसरा अर्धशतक भी पूरा किया, लेकिन रनगति बढ़ाने की फिराक में दिख रहे रवींद्र जडेजा भारी भरकम स्पिनर रहकीम कॉर्नवॉल का शिकार बने। भारतीय टीम को यह सातवां झटका 302 के योग पर लगा। आउट होने से पहले उन्होंने 69 गेंदों में 16 रन बनाए।
रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद हनुमा विहारी ने इशांत शर्मा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और अपने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। विहारी ने 200 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन की पारी खेली उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 15 चौके लगाए।
हनुमा विहारी के साथ मिलकर इशांत शर्मा ने शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय पारी को 400 रन के पार पहुंचाया। विहारी के शतक जमाने के बाद इशांत ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक जमाया। विहारी और इशांत ने मिलकर 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई और टीम इंडिया के स्कोर को 416 तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज की ओर से सबसे सफल गेंदबाज कप्तान जेसन होल्डर रहे, जिन्होंने पांच विकेट चटकाए, वहीं अपना पहला मैच खेल रहे रहकीम कॉर्नवॉल ने तीन विकेट झटके।
भारत: मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह
वेस्टइंडीज: क्रेग ब्रैथवेट, जॉन कैंपबेल, शमारा ब्रूक्स, डेरेन ब्रावो, शिमरॉन हेटमेयर, जाहमार हेमिल्टन, रहकीम कॉर्नवॉल, रोस्टन चेज, जेसन होल्डर (कप्तान), केमार रोच, शेनॉन ग्रैबिएल