पहले दो टेस्ट हारने के बाद आखिरी टेस्ट में जीत हासिल कर इंग्लैंड ने अपनी लाज बचा ली। वेस्टइंडीज से पहले दो टेस्ट बुरी तरह हारने के बाद इंग्लैंड ने सेंट लूसिया में खेले गए तीसरे टेस्ट के चौथे दिन ही शानदार तरीके से जीत हासिल की।
विजडन ट्रॉफी के इस तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 232 रन की फतह मिली। खेल के चौथे दिन जब नाबाद कप्तान जो रूट 122 रन पार आउट हुए तो उन्होंने 361/5 के स्कोर पर पारी घोषित करके वेस्टइंडीज के सामने 485 रन का पहाड़ सरीखा टारगेट सेट कर दिया। इसके सामने मेजबान टीम 252 रन पर आउट हो गई।
इस स्कोर पर बेन स्टोक्स ने कीमो पॉल का अपनी गेंद पर कैच लपक कर कैरेबियाई टीम का 10 विकेट हासिल कर इस सीरीज का समापन किया। कीमो पॉल के पांव में चोट थी, लेकिन वह 10वें विकेट के तौर पर बल्लेबाजी करने महज इसलिए उतरे क्योंकि दूसरे छोर पर रोस्टन चेज अपने पहली टेस्ट शतक के करीब यानी 97 रन पर नाबाद थे।
चेज 192 गेंदों पर 102 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की पारी को चौथे ही दिन खत्म करने में सबसे अहम भूमिका जेम्स एंडरसन की रही जिन्होंने लंच से पहले ही उसके टॉप ऑर्डर के तीन विकेट उड़ा दिए। इस पारी में एंडरसन के अलावा मोइन अली ने भी तीन विकेट हासिल किए। मार्क वुड ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।