भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अगले साल होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 में खेलने को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे शमी ने कहा है कि अब उनका पूरा ध्यान अपने खेल और घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन पर है। वह टीम में वापसी को लेकर ज्यादा सोचने के बजाय अपनी लय बरकरार रखने पर ध्यान देना चाहते हैं। शमी का कहना है कि चयनकर्ताओं को उनके भविष्य को लेकर जो फैसला लेना होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा। उनकी कोशिश है कि वह लगातार क्रिकेट खेलते रहें और अपने प्रदर्शन से खुद को साबित करें।
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI
2027 विश्व कप में खेलने पर क्या बोले शमी?
मोहम्मद शमी ने साफ किया कि उन्होंने आगामी आईसीसी टूर्नामेंट में जगह बनाने को लेकर ज्यादा सोचना बंद कर दिया है। उनके मुताबिक, फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी गेंदबाजी और फिटनेस पर है। शमी ने कहा, 'मैंने अब इन सभी चीजों को गिनना बंद कर दिया है। फिलहाल मेरा ध्यान अपने खेल पर है। चयनकर्ता जो भी फैसला करेंगे, वह बेहतर होगा। मेरी तरफ से कोशिश यही है कि मैं लगातार खेलता रहूं, अपनी लय बनाए रखूं और कम से कम राज्य की टीम और आईपीएल के लिए खेलता रहूं।'
शमी
- फोटो : ANI
2023 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे शमी
मोहम्मद शमी का वनडे वर्ल्ड कप में शानदार रिकॉर्ड रहा है। 2023 में भारत की मेजबानी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। शमी ने टूर्नामेंट में सात मैचों में 24 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि, इसके बाद से उन्हें भारतीय टीम में नियमित मौके नहीं मिले हैं। उन्होंने आखिरी बार 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला था। इस टूर्नामेंट में शमी ने नौ विकेट हासिल किए थे और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
मोहम्मद शमी।
- फोटो : अमर उजाला
विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे शमी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए शमी अब घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन पर ध्यान दे रहे हैं। वह अगले महीने होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की तैयारी कर रहे हैं। इसके जरिए वह अपनी गेंदबाजी की लय बनाए रखने के साथ चयनकर्ताओं का ध्यान भी खींचना चाहेंगे।
शमी ने कहा कि जब तक किसी खिलाड़ी को क्रिकेट खेलने में आनंद आता है, तब तक उसे खेलते रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू क्रिकेट में खेलने के दौरान वह युवा खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा करना चाहते हैं, क्योंकि क्रिकेट में अनुभव काफी मायने रखता है।
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI
सफेद गेंद के क्रिकेट से संन्यास लेने का इरादा नहीं
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद शमी ने सफेद गेंद के क्रिकेट को लेकर भी अपनी योजना स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि वनडे और टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। जरूरत पड़ने पर फिटनेस बनाए रखने के लिए रेड बॉल क्रिकेट में भी हिस्सा ले सकते हैं। शमी के मुताबिक, पिछले 15-20 साल से उनका यही रूटीन रहा है और इसमें कुछ नया नहीं है। वह क्रिकेट का आनंद ले रहे हैं और आगे भी खेलते रहना चाहते हैं।