जेम्स एंडरसन और रवींद्र जडेजा के बीच विवाद में पटखनी खाने के बाद बीसीसीआई ने अगला कदम संभल कर बढ़ाने का फैसला लिया है।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान हुए विवाद में आईसीसी के न्यायिक आयुक्त गोर्डन लेविस से इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को निर्दोष ठहराने के बाद बैकफुट पर आए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अब तक अपनी भविष्य की कार्रवाई पर फैसला नहीं किया है।
हालांकि बोर्ड सचिव संजय पटेल ने कहा है कि आदेश की विस्तृत प्रति मिलने के बाद हम इस संबंध में कोई फैसला करेंगे।
उन्होंने कहा, "हमें न्यायिक आयुक्त के आदेश की प्रति आज या कल मिलने की उम्मीद है। हम इस मामले में आदेश की प्रति मिलने के बाद ही कोई फैसला कर पाएंगे। भविष्य की कार्रवाई पर कोई फैसला करने से पूर्व हमें विस्तृत रूप से कानूनी आकलन करना होगा।"
उन्होंने कहा, "हमारी कानूनी टीम रिपोर्ट का अध्ययन करेगी और उसके बाद हमें फीडबैक देगी। इस तरह के मामलों में प्रत्येक तथ्य का गहन अध्ययन करने की जरूरत होती है। इसलिए यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि हम अपील करेंगे या नहीं।"
हालांकि बीसीसीआई सचिव ने एक सवाल के जवाब में इस तरह के संकेत भी दिए हैं कि बोर्ड शायद इस मामले को खत्म करना चाहता है क्योंकि इस तरह की संभावना बहुत कम है कि एंडरसन के खिलाफ कोई पुख्ता सबूत मिल सके।