भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत फिट घोषित हो गए हैं। पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए हैं। पंत ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है जिसमें उन्होंने फ्लाइट की तस्वीर डाली है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
फिटनेस को लेकर हफ्तों तक चली अनिश्चितता के बाद ऋषभ पंत गुरुवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। वह शुक्रवार को वेलिंगटन में भारतीय टेस्ट टीम से जुड़ेंगे, जहां 19 नवंबर से सीरीज की शुरुआत होनी है। पंत साइड स्ट्रेन से उबर रहे थे और उन्हें बीसीसीआई की मेडिकल टीम से फिटनेस क्लीयरेंस मिल गई है।
विज्ञापन
पंत ने शेयर की फ्लाइट की फोटो
जानकारी के अनुसार, बंगलूरू स्थित सीओई में लंबे समय तक रिहैब प्रोग्राम पूरा करने के बाद, मेडिकल टीम से मंजूरी मिलने पर पंत गुरुवार सुबह न्यूजीलैंड के लिए निकल गए। सूत्र ने बताया, पंत आज सुबह न्यूजीलैंड के लिए रवाना हुए और सिंगापुर से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए वहां पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि वह सिंगापुर से भी निकल चुके हैं। न्यूजीलैंड के समय के अनुसार वह सुबह जल्दी और भारतीय समय के अनुसार तड़के वेलिंगटन पहुंच जाएंगे। पंत ने इंस्टाग्राम पर फ्लाइट की फोटो भी शेयर की है।
विज्ञापन
Trending Videos
ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे पंत
पंत एक से चार अक्तूबर के बीच श्रीनगर में शेष भारत टीम की कप्तानी करते हुए ईरानी कप के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके बाद वह 23 अक्तूबर से बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैब से गुजर रहे थे। जब वह सीओई पहुंचे थे, तब तक उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम और टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन चार दिवसीय मैचों के लिए इंडिया ए टीम में भी चुन लिया गया था। हालांकि, उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर था।
पंत को इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहले दो चार दिवसीय मैचों से बाहर कर दिया गया था और फिर उन्हें 7-10 नवंबर के बीच होने वाले तीसरे मुकाबले के समय पर रवाना होना था। हालांकि, उनके रिहैब को बढ़ा दिया गया क्योंकि बीसीसीआई की मेडिकल टीम चाहती थी कि फिटनेस असेसमेंट के हिस्से के रूप में पंत सीओई में थोड़ा और समय बिताएं। वेलिंगटन में पंत टेस्ट टीम के साथ जुड़ेंगे, जिसमें कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज भी शामिल हैं, जो टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए पांच मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मैच के बाद वनडे टीम से अलग होकर रवाना हुए थे।
क्यों बढ़ी टीम प्रबंधन की चिंता?
पंत 19 नवंबर से वेलिंगटन टेस्ट खेलने को लेकर आश्वस्त होंगे, लेकिन उनका देर से पहुंचना टीम मैनेजमेंट के सामने एक सवाल खड़ा करता है। क्या वे प्लेइंग-11 में पंत और ध्रुव जुरेल दोनों को चुनेंगे, जिन्होंने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इंडिया ए की कप्तानी की थी? या फिर वे दोनों विकेटकीपरों में से केवल एक को चुनेंगे और इसके बजाय साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल दोनों को मौका देंगे? जुरेल ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार पारियों में एक शतक और एक अर्धशतक बनाया था, जबकि साई सुदर्शन के नाम पांच पारियों में 91 और 88 के स्कोर थे और पडिक्कल ने भी पांच पारियों में 199 और 80 रन बनाए थे।
भारत के लिए अहम है सीरीज
यह सीरीज भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है। भारतीय टीम फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड पहले स्थान पर है उसके बाद दक्षिण और ऑस्ट्रेलिया का नंबर है।