मेजबान वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच इन दिनों पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का तीसरा मैच सेंट जॉर्ज में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मेहमान टीम ने वेस्टइंडीज को 1 रन से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका को मैच जिताने में तबरेज शम्सी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी करिश्माई गेंदबाजी के आगे कैरेबियाई बल्लेबाजों के रन बनाना दूभर हो गया। दक्षिण अफ्रीका इस जीत के साथ 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे हो गया है।
सेंट जॉर्ज के ग्रेनाडा में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरूआत ठीक रही। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक और रीजा हेंड्रिक्स ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। हेंड्रिक्स 17 रन बनाकर आउट हुए। जबकि डि कॉक डेट रहे।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान टेंबा बवूमा कुछ खास नहीं कर पाए और 1 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद मार्करम और डि कॉक टीम के स्कोर को 87 रनों तक ले गए। मार्करम 23 रन बनाकर आउट हुए। वहीं क्विंटन डि कॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 रनों की पारी खेली। अपनी इनिंग्स में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।
मध्यक्रम में डुसेन की 32 रनों की पारी के बदौलत साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से ओबेड मैकॉय ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। उऩके अलावा ड्वेन ब्रावो ने 3 विकेट झटके।
168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने जोरदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज इविन लुईस और लेंडल सिमंस ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। सिमंस 22 रन बनाकर आउट हुए जब कि लुईस ने 27 रनों की पारी खेली। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के गेदबाजों ने वापसी करते हुए कैरेबियाई बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया।
मध्यक्रम में वेस्टइंडीज का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। जेसन होल्डर 16, शिमरॉन हेटमायर 17, निकोलस पूरन 26 और कप्तान कीरोन पोलार्ड 1 रन बना पाए। अंतिम क्षणों में आंद्रे रसेल और फाबियन एलन ने टीम को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। रसेल 25 रन बनाकर आउट हुए जबकि फाबियन 14 रन बनाकर नाबाद रहे। इके बावजूद कैरबियाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 166 रन ही बना पाई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
मेहमान टीम की ओर से करिश्माई गेंदबाजी करते हुए तबरेज शम्सी ने 13 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा एनरिच नॉर्ट्जे 2 कासिगो रबाडा, जॉर्ज लिंडे और लुंगी एनगिडी को 1-1 विकेट मिला। शानदार बॉलिंग करने वाले तबरेज शम्सी को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।